जबलपुर। शहर के व्यस्त मदन महल अंडरब्रिज में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब गुजर रही एक इलेक्ट्रिक कार अचानक बीच रास्ते में बंद हो गई और कुछ ही क्षणों में उसमें से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते कार आग की लपटों में घिर गई। आग के दौरान तेज धमाकों की आवाजें सुनाई देने से मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और वाहन चालक अपने वाहन छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक ने धुआं उठते ही सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लगातार धमाकों की आवाजें आने के कारण उन्हें पीछे हटना पड़ा।
सूचना मिलते ही नगर निगम का दमकल अमला मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन पूरी तरह जल चुकी कार के कारण अंडरब्रिज पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया और यातायात कई घंटों तक प्रभावित रहा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह इलेक्ट्रिक कार की बैटरी में शॉर्ट सर्किट या ओवरहीटिंग मानी जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। घटना ने इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज कर दी है।


