बीजिंग,12 जुलाई। चीन के पूर्वी हिस्से में चक्रवात बावी ने भारी तबाही मचानी शुरू कर दी है. शनिवार रात यह शक्तिशाली तूफान पूर्वी तटीय इलाके से टकराया, जिसके बाद कई इलाकों में तेज हवाएं और मूसलाधार बारिश शुरू हो गई. हालात को देखते हुए प्रशासन ने बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान चलाया है. अब तक करीब 20 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है. मौसम विभाग ने भारी बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए सबसे खतरनाक स्तर का रेड अलर्ट जारी किया है.
चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, चक्रवात बावी शनिवार रात करीब 11:20 बजे पूर्वी चीन के झेजियांग प्रांत के तट से टकराया. यह तूफान काउंटी स्तर के शहर युहुआन के पास पहुंचा. उस समय हवा की रफ्तार करीब 40 मीटर प्रति सेकंड यानी लगभग 144 किलोमीटर प्रति घंटे दर्ज की गई.इतनी तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए और बिजली के खंभों को नुकसान पहुंचा है. कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है. प्रशासन लगातार हालात पर नजर रख रहा है और लोगों से बिना जरूरत घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है.
चक्रवात के तट से टकराने से पहले ही चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने अपनी चार स्तरीय चेतावनी प्रणाली के तहत सबसे ऊंचे स्तर का रेड अलर्ट जारी कर दिया था. इसके अलावा तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट भी लागू किया गया.संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही बड़े पैमाने पर तैयारी शुरू कर दी थी. तटीय और निचले इलाकों से 20 लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. राहत शिविर बनाए गए हैं और आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखा गया है ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके.
चक्रवात के खतरे को देखते हुए चीन के कई बड़े शहरों में राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहे हैं. आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों में पहुंच रही हैं. जहां जरूरत है वहां लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है.प्रशासन का कहना है कि प्राथमिकता लोगों की जान बचाने और जरूरी सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य करने की है. बिजली, संचार और सड़क संपर्क बहाल करने के लिए भी टीमें लगातार काम कर रही हैं.
चक्रवात बावी का असर सिर्फ चीन तक सीमित नहीं है. ताइवान के उत्तरी हिस्से में भी इस तूफान ने भारी नुकसान पहुंचाया है. अधिकारियों के अनुसार, तूफान के कारण 113 लोग घायल हुए हैं.सुरक्षा के लिहाज से 14,200 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. खराब मौसम के कारण ताइवान के कई इलाकों में स्कूल और सरकारी दफ्तर बंद कर दिए गए हैं. तेज बारिश और तेज हवाओं से सामान्य जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ है.चक्रवात का असर जापान के ओकिनावा प्रांत के दक्षिणी द्वीपों पर भी देखने को मिल रहा है. मौसम एजेंसियों ने समुद्र में ऊंची लहरें उठने की चेतावनी जारी की है. खराब मौसम को देखते हुए 200 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गई हैं.


