July 17, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

संभागायुक्त का घंसौर दौरा, योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी

स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और निर्माण कार्यों में लापरवाही पर सख्ती, अधिकारियों से मांगा जवाब
जबलपुर। संभागायुक्त धनंजय सिंह ने गुरुवार को सिवनी जिले के आदिवासी बहुल घंसौर विकासखंड का सघन निरीक्षण कर शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय, निर्माणाधीन छात्रावास, स्वास्थ्य संस्थानों और सेवा सहकारी समिति का निरीक्षण किया तथा बाद में लखनादौन में स्वास्थ्य एवं पोषण प्रबंधन कार्यशाला और विभागीय समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ग्राम बटवानी के आंगनबाड़ी केंद्र में कुपोषित बच्चों की स्थिति पर चिंता जताते हुए संभागायुक्त ने एसएएम और एमएएम बच्चों की नियमित मॉनिटरिंग तथा जरूरत पड़ने पर एनआरसी में भर्ती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा निरीक्षण और पोषण आहार वितरण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश भी दिए।
प्राथमिक शाला बटवानी में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति और कमजोर शैक्षणिक स्तर पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित बीईओ और बीआरसी से जवाब तलब करने तथा शिक्षकों के प्रशिक्षण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। वहीं निर्माणाधीन बालक छात्रावास का निरीक्षण कर गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
संभागायुक्त ने कहानी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और घंसौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने दवा उपलब्धता, एएनसी पंजीयन, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सेवा सहकारी समिति में उर्वरक वितरण व्यवस्था का निरीक्षण कर किसानों को ई-विकास प्रणाली के माध्यम से पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
लखनादौन में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने राजस्व, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता, प्रधानमंत्री आवास, पीएम स्वनिधि, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समय-सीमा का पालन और हितग्राही योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल देते हुए अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कृषि एवं मत्स्य विभाग के अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर नेहा मीना सहित संभाग और जिले के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

अन्य ख़बरें

सिहोरा बैंक डकैती का पांचवां मुख्य आरोपी बिहार से गिरफ्तार, 750 ग्राम लूटा गया सोना बरामद

Newsdesk

शराब दुकान के पास से पकड़ा गया शातिर बदमाश ‘मोनू’, आयुष सोनकर से खरीदी थी देशी पिस्टल

Newsdesk

रांझी में 45 करोड़ की लागत से बनने वाले सांदीपनि विद्यालय भवन के निर्माण कार्य का शुभारंभ

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading