July 28, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

नशे के खिलाफ जबलपुर में अनूठी पहल: 50 लोगों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प, मैहर यात्रा के लिए रवाना



जबलपुर। मध्यप्रदेश शासन के “नशे से दूरी, है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत सोमवार को एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, रामपुर छापर (गोरखपुर) में भव्य जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम कलेक्टर राघवेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशा छोड़ चुके लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रेरित करना था। इस दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और नागरिकों को नशे के सामाजिक, मानसिक और शारीरिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा सभी को नशामुक्त जीवन जीने की शपथ दिलाई गई।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि नशे से मुक्ति केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य का परिवर्तन है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा चलाए जा रहे ऐसे अभियान युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक समाज का निर्माण करना है। वहीं पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि जबलपुर पुलिस नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है और यह अभियान उसी संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी लोगों को नशामुक्ति का संदेश दिया। सबसे विशेष पहल के रूप में शराब एवं अन्य मादक पदार्थों की लत से जूझ रहे 50 लोगों ने सार्वजनिक रूप से जीवनभर नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।
संकल्प लेने वाले सभी 50 प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप मां शारदा धाम, मैहर की आध्यात्मिक यात्रा के लिए बस को लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा छोड़ चुके लोगों को धार्मिक यात्रा के माध्यम से सम्मानित एवं प्रेरित करने की यह मध्यप्रदेश की अपनी तरह की अभिनव पहल है। इसका उद्देश्य उनका मनोबल बढ़ाना, सामाजिक पुनर्वास सुनिश्चित करना और अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (जोन-2) पल्लवी शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक गोरखपुर एम.डी. नागोतिया, उप पुलिस अधीक्षक यातायात वैजनाथ प्रजापति, थाना प्रभारी गोरखपुर नितिन कमल, चौकी प्रभारी रामपुर महेंद्र जाटव, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, महिलाएं तथा पुलिस एवं जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

अन्य ख़बरें

गरिमा अभियान की बड़ी कार्रवाई: जबलपुर में भ्रूण लिंग परीक्षण गिरोह का भंडाफोड़, दो डायग्नोस्टिक सेंटर सील

Newsdesk

शहर को सुगम और स्वच्छ बनाने के लिए चला विशेष अभियान

Newsdesk

महापौर और विधायक रोहाणी के बीच विकास कार्यों पर हुई सकारात्मक चर्चा

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading