जबलपुर। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशों के पालन में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राघवेन्द्र सिंह ने बुधवार को नयागांव, रामपुर स्थित ईवीएम एवं व्हीव्हीपेट वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस में रखी गई निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा व्यवस्था, रख-रखाव एवं अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों से वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश एवं निकासी व्यवस्था सहित मशीनों के रख-रखाव से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मापदंडों एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ईवीएम एवं व्हीव्हीपेट मशीनों की नियमित निगरानी की जाए तथा सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक इंतजामों को प्रभावी रूप से बनाए रखा जाए। निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए मशीनों की सुरक्षा एवं पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने वेयरहाउस परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण एवं सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी सहित निर्वाचन शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश के निर्देशों के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा ईवीएम एवं व्हीव्हीपेट की सुरक्षित निगरानी एवं संरक्षण के लिए निरंतर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है।


