जबलपुर। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने जिले के दो मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नकद इनाम घोषित किया है। पुलिस ने आम नागरिकों से आरोपियों की गिरफ्तारी में सहयोग करने और उनकी जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, अधारताल थाना के अपराध क्रमांक 389/2025 में दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात आरोपियों ने एक व्यक्ति से मारपीट कर तीन हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट लिया था। इस मामले में चारों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी या गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले अथवा उनकी सूचना देने वाले व्यक्ति को प्रति आरोपी 5 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
इसी प्रकार बरगी थाना के अपराध क्रमांक 580/2025 में आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मामले में फरार आरोपी ईनाम उल हक पिता मुसाहिद रजा, निवासी कोतवाली की गिरफ्तारी पर 3 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि आरोपियों के संबंध में सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपराधियों की गिरफ्तारी में सहयोग करने की अपील की है।


