26.4 C
Jabalpur
August 2, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

बगलामुखी मंदिर के पास धमाका, वेल्डिंग दुकान से उछला लोहे का पाइप मंदिर परिसर में गिरा


जबलपुर। शहर के सिविक सेंटर स्थित माँ बगलामुखी मंदिर के पास रविवार शाम करीब 6 बजे तेज धमाके से अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए। कुछ ही क्षण बाद लोहे का एक भारी पाइपनुमा टुकड़ा उछलकर मंदिर परिसर में जा गिरा। संयोगवश उस समय कोई श्रद्धालु इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही लॉर्डगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मंदिर के समीप संचालित एक वेल्डिंग की दुकान पर काम के दौरान जोरदार धमाका हुआ था। इसी दौरान कंप्रेसर से जुड़ा लोहे का पाइपनुमा हिस्सा उछलकर सड़क पार करते हुए मंदिर परिसर में जा गिरा।
पुलिस ने जब्त किया लोहे का टुकड़ा
लॉर्डगंज थाना प्रभारी नवल सिंह आर्य ने बताया कि घटना में कंप्रेसर नहीं फटा है। कंप्रेसर से जुड़ा पाइपनुमा लोहे का हिस्सा दबाव के कारण उछलकर मंदिर परिसर में पहुंच गया। पुलिस ने उक्त लोहे के टुकड़े को जब्त कर लिया है। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और मामले की जांच जारी है।
अतिक्रमण को लेकर फिर उठे सवाल
घटना के बाद मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर के आसपास हो रहे अतिक्रमण पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि मंदिर के तीनों ओर अस्थायी दुकानें और व्यावसायिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। लोगों का दावा है कि इस संबंध में पहले भी सीएम हेल्पलाइन और नगर निगम से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
नगर निगम की कार्रवाई पर पुलिस देगी सहयोग
थाना प्रभारी नवल सिंह आर्य ने कहा कि यदि नगर निगम मंदिर परिसर के आसपास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करता है तो पुलिस की ओर से आवश्यक सुरक्षा बल उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न हो सके। घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की तकनीकी जांच कर रही है।

अन्य ख़बरें

झूठे नामांकन के आरोप में भाजपा विधायक गोविन्द सिंह राजपूत को हाईकोर्ट से राहत

Newsdesk

श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के रास्ते में बड़े-बड़े जानलेवा गड्ढे, नंगे पैर कैसे चलेंगें भक्त

Newsdesk

अनाज की जगह मंडी शेड में वाहनों का कब्जा

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading