*सीएम हेल्पलाइन, संबल ई-केवाईसी, इंफ्रास्ट्रक्चर एवं नागरिक सुविधाओं में गति लाने हेतु दिए निर्देश जबलपुर। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार द्वारा आज आयुक्त कार्यालय में शहर के विकास कार्यों, अधोसंरचना निर्माण एवं जन-कल्याणकारी योजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय प्रमुखों एवं संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में नागरिकों से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
उनके द्वारा बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का निराकरण समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण तरीके से करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संबल योजना के अंतर्गत शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों का e-KYC कार्य शीघ्र पूर्ण करने हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक शासन की योजना से वंचित न रहे।
*सीएम इंफ्रास्ट्रक्चर एवं सामुदायिक भवन*
शहर में चल रहे विभिन्न अधोसंरचना कार्यों तथा सामुदायिक भवनों के निर्माणएवं जीर्णोद्धार कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता एवं समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश निगमायुक्त द्वारा दिए गए।
बैठक में निगमायुक्त द्वारा शहर के उद्यानों के रखरखाव, पौधरोपण एवं सौंदर्यीकरण कार्य को गति देने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजनों को स्वच्छ व सुंदर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
विभिन्न निर्माण एवं पाइपलाइन कार्यों के लिए खोदी गई सड़कों का तत्काल रोड रेस्टोरेशन करने तथा शहर के प्रमुख मार्गों एवं आंतरिक वार्डों में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू करने के निर्देश दिए।
बैठक में निगमायुक्त द्वारा डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, नालियों की सफाई एवं मुख्य मार्गों के साथ-साथ बस्तियों में नियमित झाड़ू लगाने हेतु स्वच्छता निरीक्षकों को सख्त निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर आयुक्त, उपायुक्त सहायक आयुक्त एवं विभागीय प्रमुख आदि उपस्थित रहे।


