31.5 C
Jabalpur
September 28, 2026
सी टाइम्स
अंतरराष्ट्रीय

पोप लियो XIV ने पेरिस में 7 लाख लोगों के बीच की प्रार्थना सभा

पेरिस, पोप लियो XIV इन दिनों फ्रांस की यात्रा पर हैं। शनिवार को फ्रांस की राजधानी पेरिस में करीब 7 लाख लोगों की मौजूदगी में उन्होंने खुले में प्रार्थना सभा की। वेटिकन के अनुसार, प्लेस द ला कॉनकॉर्ड में आयोजित इस विशाल धार्मिक आयोजन में अनुमान से कहीं अधिक लोग पहुंचे। करीब 6 लाख लोगों ने कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पंजीकरण कराया था। पोप लियो XIV ‘पॉपमोबाइल’ से पेरिस की प्रसिद्ध एवेन्यू डेस शांज-एलीजे से होते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंचे। रास्ते में बड़ी संख्या में लोगों ने झंडे लहराकर उनका स्वागत किया। करीब 1.9 किलोमीटर लंबे मार्ग पर श्रद्धालुओं का जमावड़ा रहा। इसके बाद पोप ने प्लेस द ला कॉनकॉर्ड में खुले में आयोजित प्रार्थना सभा का नेतृत्व किया। यह पोप लियो XIV की फ्रांस की चार दिवसीय यात्रा का प्रमुख कार्यक्रम था। उनकी यह यात्रा 25 सितंबर से शुरू हुई है और लगभग दो दशक बाद किसी पोप की फ्रांस की पहली आधिकारिक यात्रा है।

पेरिस के बाद पोप शनिवार शाम लूर्द पहुंचे, जहां रविवार को उनका कार्यक्रम निर्धारित है। पेरिस में पोप की यात्रा के दौरान शुक्रवार को भी बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर पहुंचे थे। उनके पॉपमोबाइल से गुजरने के दौरान करीब 3 लाख लोगों के मौजूद रहने का अनुमान लगाया गया था। पोप ने इस दौरान नोट्रे-डाम कैथेड्रल में भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। फ्रांस की यात्रा के दौरान पोप लियो ने मानव गरिमा और आधुनिक तकनीक से जुड़े मुद्दों पर भी बात की है। उन्होंने एआई को लेकर चेतावनी दी। कहा, “मशीनों की दुनिया के बढ़ते प्रभाव के बीच इंसान को अपनी मानवता नहीं खोनी चाहिए।”

इससे पहले वह एआई के विकास में मानवीय गरिमा और शांति को केंद्र में रखने की जरूरत पर जोर दे चुके हैं। पोप की फ्रांस यात्रा ऐसे समय हो रही है जब देश में कैथोलिक चर्च की भूमिका और प्रभाव को लेकर व्यापक सामाजिक बदलाव देखने को मिले हैं। उनकी यात्रा में चर्च से जुड़े यौन शोषण के मामलों का मुद्दा भी महत्वपूर्ण है। रविवार को लूर्द में पोप की सात ऐसे लोगों से मुलाकात प्रस्तावित है, जिन्होंने पादरियों या चर्च से जुड़े लोगों द्वारा यौन शोषण का सामना किया है। पोप लियो XIV की फ्रांस यात्रा 28 सितंबर को मेट्ज में समाप्त होगी। पेरिस के बाद लूर्द और फिर मेट्ज में उनके धार्मिक और सार्वजनिक कार्यक्रम निर्धारित हैं।

अन्य ख़बरें

ईरान पर सैन्य हमले की संभावना से ट्रंप ने नहीं किया इनकार, कहा-युद्ध जल्द खत्म होगा, तेल की कीमतें गिरेंगी

Newsdesk

20 देशों ने बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर अंकुश लगाने का कदम उठाया: ऑस्ट्रेलियाई पीएम अल्बनीस

Newsdesk

नेपाल में हिमस्खलन से प्रभावित हिमलुंग पर्वत के बेस कैंप से दो शव बरामद

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading