जबलपुर। जबलपुर पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन तलाशने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 134 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। बरामद किए गए मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन तथा साइबर सेल के उप पुलिस अधीक्षक अंजुल अयंक मिश्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की सहायता से गुम मोबाइलों को ट्रेस कर संबंधित आवेदकों तक पहुंचाया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल फोन गुम होने पर तत्काल संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल पर भी पंजीकरण करें, ताकि मोबाइल को ब्लॉक कर उसकी तलाश की जा सके।
उन्होंने साइबर अपराधों को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है या किसी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें या cybercrime.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। आवश्यकता होने पर साइबर सेल जबलपुर के हेल्पलाइन नंबर 7701050010 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
जबलपुर पुलिस ने लोगों से अज्ञात कॉल, फर्जी लिंक और टेलीग्राम या व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से मिलने वाली निवेश संबंधी सलाह से बचने की अपील की है। साथ ही व्हाट्सऐप पर प्राप्त किसी भी .apk फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल न करने तथा बैंक खाते और अन्य व्यक्तिगत जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करने की सलाह दी है।


