विधायक अनुभा मुंजारे ने दिए संगठन विस्तार के निर्देश, शहर अध्यक्ष श्याम पंजवानी ने चुनावी तैयारियां तेज करने का किया आह्वान
बालाघाट। आगामी नगरीय निकाय, विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों को देखते हुए शहर कांग्रेस ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की दिशा में अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज जिला कांग्रेस कार्यालय में बालाघाट विधायक श्रीमती अनुभा मुंजारे की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्याम पंजवानी द्वारा सभी मंडल अध्यक्षों को अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची (वोटर लिस्ट) वितरित की गई।
बैठक में बड़े हुए बूथों पर तत्काल बीएलए (Booth Level Agent) नियुक्त करने, प्रत्येक वार्ड में वार्ड अध्यक्षों की समितियों का गठन शीघ्र पूर्ण करने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को घर-घर तक पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती अनुभा मुंजारे ने कहा कि कांग्रेस का सबसे बड़ा आधार उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर सक्रिय टीम का गठन कर संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाए, ताकि आमजन की समस्याओं के समाधान के साथ कांग्रेस की विचारधारा भी प्रत्येक घर तक पहुंचे। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ संगठनात्मक कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आह्वान किया।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्याम पंजवानी ने कहा कि आगामी चुनावों की सफलता का आधार मजबूत बूथ संगठन होगा। इसलिए प्रत्येक मंडल अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में बूथ समितियों को सक्रिय करें, बड़े बूथों पर बीएलए की नियुक्ति सुनिश्चित करें तथा वार्ड अध्यक्षों की समितियों का शीघ्र गठन करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर संगठन को नई ऊर्जा देगा और आने वाले नगरपालिका, विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों में कांग्रेस को मजबूत जीत दिलाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेगा।
बैठक में मुख्य रूप से निर्मल सोनी, नरेंद्र मेश्राम, धर्मेंद्र बोपचे, चंदा धूवारे, प्रवीण मदनकर, अनिल (पप्पू) जायसवाल, राहुल सिंह बेस, संतोष बहिश्वर, केवल सिंह झरिया एवं गुलाबचंद नागपुरे सहित मंडल अध्यक्ष एवं शहर कांग्रेस के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


