महापौर के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
जबलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आह्वान तथा केंद्र एवं राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत रविवार 9 अगस्त को जबलपुर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ के नेतृत्व में जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यात्रा में सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम् के साथ शुरू हुई तिरंगा यात्रा महाराणा प्रताप प्रतिमा स्थल से प्रारंभ होकर नगर निगम, तीनपत्ती, मालवीय चौक और सिविक सेंटर होते हुए नगर निगम मुख्यालय पहुंची। यात्रा में तिरंगे की थीम पर सजा विशेष रथ आकर्षण का केंद्र रहा। इसके पीछे जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक तिरंगा लेकर चल रहे थे।
यात्रा में निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, एमआईसी सदस्य डॉ. सुभाष तिवारी, विवेकराम सोनकर, दामोदर सोनी सहित अनेक पार्षद एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय, निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार, अपर कलेक्टर रवि शंकर राय सहित प्रशासनिक अधिकारी भी यात्रा में मौजूद रहे।
मार्गभर भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा। यात्रा के माध्यम से नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया गया। नगर निगम मुख्यालय के सामने राष्ट्रगान के साथ तिरंगा यात्रा का समापन हुआ।


