जबलपुर। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि आदर्श विधानसभा का निर्माण केवल सड़क, नाला, पुल और भवन जैसे विकास कार्यों से नहीं, बल्कि नागरिकों की जिम्मेदारी और व्यवहार से भी होता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है।
मंत्री सिंह रविवार को पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रमों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान वीर सावरकर, इंदिरा गांधी, गढ़ा, स्वामी वीरेंद्रपुरी वार्ड और रमनगरा क्षेत्र में सड़क, नाला, घाट, गार्डन, शेड, स्टेज एवं सामुदायिक भवन सहित विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया।
वीर सावरकर वार्ड में कछपुरा पुल के समीप 50 लाख रुपये की लागत से शेड-स्टेज का निर्माण होगा। इंदिरा गांधी वार्ड में शाही तालाब के घाट के लिए 60 लाख और गार्डन के लिए 20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। गढ़ा वार्ड में 8.43 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण 40 मार्गों का लोकार्पण किया गया। जलभराव की समस्या के समाधान के लिए करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से नाला निर्माण भी जारी है।
स्वामी वीरेंद्रपुरी वार्ड में 10 लाख रुपये से सामुदायिक भवन और रमनगरा में 25 लाख रुपये से यज्ञशाला शेड का निर्माण होगा।
कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य सुमित्रा वाल्मीकि, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज सहित जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री ने रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि भी अर्पित की।


