जबलपुर। अपराधों की रोकथाम और जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर पुलिस द्वारा व्यापक कांबिंग गश्त की गई। 22 अगस्त की रात 9 बजे से 23 अगस्त की रात 2 बजे तक चली इस कार्रवाई में पुलिस टीमों ने जिलेभर में दबिश देकर लंबे समय से फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 अंजना तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सूर्यकांत शर्मा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अखिलेश तिवारी सहित नगर पुलिस अधीक्षकों, उप पुलिस अधीक्षकों और एसडीओपी के मार्गदर्शन में शहर एवं देहात के थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में कांबिंग गश्त की।
पुलिस ने वारंटियों और लंबित मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की थीं। इन टीमों में थाना प्रभारी, उप निरीक्षक और सहायक उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई थी। टीमों ने लगातार दबिश देकर कई वर्षों से फरार 117 गैर-जमानती वारंटियों को पकड़ा, जबकि 85 गिरफ्तारी वारंट और 67 जमानती वारंट भी तामील किए गए। इस तरह कुल 269 वारंट तामील किए गए। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
कांबिंग गश्त के दौरान पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के ठिकानों पर भी दबिश दी। कार्रवाई में 25 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 35 लीटर कच्ची शराब तथा 491 पाव देशी एवं अंग्रेजी शराब जब्त की गई।
इसके अलावा पुलिस टीमों ने सक्रिय गुंडे-बदमाशों की भी जांच की। देर रात आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखानों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की गई।
पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और कानून का पालन सुनिश्चित कराना है। लंबे समय से फरार आरोपियों और सक्रिय अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


