27.5 C
Jabalpur
August 23, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

बाल उत्पीड़न से बचाव के उपायों पर छात्राओं को किया जागरूक


_महिला थाना एवं मनोरमा जी बाई वेलफेयर फाउंडेशन ने चलाया जागरूकता अभियान, पॉक्सो एक्ट सहित हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी_
सिवनी- महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम तथा बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस महिला सुरक्षा शाखा के निर्देशानुसार जिले में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सिवनी श्री कृष्ण लालचंदानी के नेतृत्व में महिला थाना सिवनी एवं मनोरमा जी बाई वेलफेयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में मिशन गर्ल्स एंड बॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल, सिवनी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को बाल उत्पीड़न, बाल अपराध, महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराध तथा पॉक्सो एक्ट के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न अपराधों में निर्धारित सजा एवं कानूनी प्रावधानों से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान बाल यौन शोषण से संबंधित शॉर्ट फिल्म प्रदर्शित कर बच्चों को ऐसे अपराधों से बचाव एवं सतर्कता के उपाय बताए गए। साथ ही महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन, पुलिस हेल्पलाइन एवं साइबर हेल्पलाइन सहित आवश्यक सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। छात्राओं को जागरूक करने के लिए पोस्टर एवं पंपलेट भी वितरित किए गए।

*अनुचित व्यवहार पर चुप न रहें, तुरंत करें विरोध*

कार्यक्रम में छात्राओं को समझाइश दी गई कि अपने परिचितों, रिश्तेदारों तथा आसपास रहने वाले लोगों के व्यवहार पर सजग नजर रखें। यदि किसी व्यक्ति का व्यवहार अनुचित अथवा असहज लगे तो उसका विरोध करें और स्पष्ट रूप से ‘ना’ कहना सीखें। किसी भी प्रकार के अश्लील या अनुचित व्यवहार को सहन करते हुए मौन न रहें तथा अपनी समस्या तत्काल माता-पिता, गुरुजन, बड़े भाई-बहन या किसी विश्वसनीय व्यक्ति को बताएं।

यह जागरूकता कार्यक्रम मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित एकीकृत जागरूकता अभियान ‘अभिमन्यु, सृजन एवं सम्मान’ के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ उन्हें उनके अधिकारों एवं उपलब्ध सहायता व्यवस्थाओं के प्रति जागरूक करना है।

कार्यक्रम में महिला थाना सिवनी से निरीक्षक संदीपिका ठाकुर, प्रधान आरक्षक क्रमांक 641 देवेंद्र धुर्वे, विद्यालय की प्राचार्य शर्मिला कुमार, शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

अन्य ख़बरें

अमरकंटक में श्रावण की वर्षा, प्रकृति का सौंदर्य और जनजीवन की चुनौतियां

Newsdesk

दिल्ली पुलिस ने चलाया ‘ऑपरेशन विस्टा’, भारत में अवैध रूप से रह रहे 18 विदेशी नागरिक पकड़े गए

Newsdesk

जीआरपी चौकी अनूपपुर की एक और बड़ी कार्यवाही ” शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading