August 25, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

अमरकंटक में हजारों श्रद्धालुओं के साथ छत्तीसगढ़ उपमुख्यमंत्री ने की पूजा अर्चन, कावडिये ज्वालेश्वर महादेव में किया जलाभिषेक


एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान
अनूपपुर। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में सावन के अंतिम सोमवार को नर्मदा उद्गम नगरी अमरकंटक सहित जिलेभर के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक कर सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। अमरकंटक में दिनभर हर-हर महादेव, बोल बम और नर्मदे हर के जयघोष गूंजते रहे। प्रशासन और स्थानीय लोगों के अनुसार, शाम तक एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान था।
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री की पूजा अर्चन
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा भी समर्थकों के साथ अमरकंटक पहुंचे। उन्होंने नर्मदा उद्गम सहित अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन किए। इसके बाद ज्वालेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। उन्होंने प्रदेश और देश की सुख-शांति तथा समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
कांवड़ियों ने किया नर्मदा जल से अभिषेक
भोर से ही महिला, पुरुष और बच्चों सहित कांवड़ियों के जत्थे अमरकंटक पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने तीर्थकोटि सरोवर में स्नान कर नर्मदा मंदिर में पूजा की और उद्गम कुंड से पवित्र जल भरा। इसके बाद करीब आठ किलोमीटर की यात्रा कर ज्वालेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। बारिश के बावजूद कांवड़ियों का उत्साह बना रहा। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालु हर-हर महादेव का जयघोष करते हुए आगे बढ़ते नजर आए।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने उठाई कांवड़
श्रावण मास में अनूपपुर भाजपा जिलाध्यक्ष हीरा सिंह श्याम भी कांवड़िया के रूप में नजर आए। उन्होंने नर्मदा उद्गम से जल लेकर धार्मिक यात्रा की और बावनगढ़ पहुंचकर जगतगुरु स्वामी माउली सरकार के सानिध्य में भगवान शिव का नर्मदा जल से अभिषेक किया। यात्रा में बड़ी संख्या में समर्थक और श्रद्धालु शामिल हुए।
विधायक मार्को ने भी किया जलाभिषेक
पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को समर्थकों और श्रद्धालुओं के साथ अमरकंटक पहुंचे। उन्होंने नर्मदा उद्गम कुंड से जल लेकर ज्वालेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का पूजन-अर्चन और जलाभिषेक किया।
कांग्रेस सेवा दल के पदाधिकारियों ने किया रुद्राभिषेक
मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव, प्रदेश प्रभारी प्रताप नारायण मिश्रा और छत्तीसगढ़ कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष अरुण ताम्रकार ने भी अमरकंटक पहुंचकर मां नर्मदा का पूजन किया। उन्होंने उद्गम कुंड से जल लेकर 11 रुद्र महादेव, सिद्धेश्वर महादेव और ज्वालेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक किया।
जिलेभर के शिवालयों में रही भीड़
सावन के अंतिम सोमवार पर अनूपपुर जिले के विभिन्न शिव मंदिरों में भी सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ रही। लोगों ने मंदिरों के साथ अपने घरों में भी भगवान शिव की पूजा की। धार्मिक मान्यता के अनुसार सावन सोमवार को व्रत और जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा परिवार में सुख-समृद्धि आती है।
पर्यटन स्थलों पर भी बढ़ी चहल-पहल
अमरकंटक पहुंचे श्रद्धालुओं ने नर्मदा दर्शन के साथ माई की बगिया, सोनमुड़ा सहित अन्य दर्शनीय स्थलों का भ्रमण किया। इन स्थानों पर भी दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रही। धार्मिक और प्राकृतिक महत्व के कारण अमरकंटक में सावन के अंतिम सोमवार पर श्रद्धालुओं के साथ पर्यटकों की भी बड़ी संख्या दिखाई दी।

अन्य ख़बरें

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत 27 अगस्त को ब्यौहारी क्षेत्र में विभिन्न ग्राम पंचायतों में लगेंगे शिविर

Newsdesk

आगामी त्यौहारों के दौरान जिले की परम्परा अनुसार सभी धर्म एवं संप्रदायों से सौहार्द एवं उल्लास पूर्वक मनाने की जिला शान्ति समिति की अपील

Newsdesk

कॉलेज बस संचालन की मांग बढ़े बस किराए से छात्र-छात्राएं परेशान

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading