छपारा, – पूरी दुनिया को इंसानियत, भाईचारा, मोहब्बत और मानवता का पैगाम देने वाले हजरत मोहम्मद साहब (स.अ.व.) की यौमे पैदाइश के मौके पर हर साल मनाया जाने वाला पर्व ईद-मिलादुन्नबी इस वर्ष भी छपारा में बड़ी अकीदत और शानो-शौकत के साथ मनाया गया।
इस पावन अवसर पर शहर में एक विशाल पैदल जुलूस निकाला गया। जुलूस दोपहर 2:30 बजे अखाड़ा चौक से शुरू हुआ। हजारों अकीदतमंद नारे-ए-तकबीर और नारे-ए-रिसालत लगाते हुए बड़े अदब और एहतराम के साथ जुलूस में शामिल हुए।
जुलूस शहर के मुख्य मार्गों से होता हुआ तकिया वार्ड, बाजार चौक, लोधी वार्ड, बस स्टैंड होते हुए संजय कॉलोनी पहुंचा। संजय कॉलोनी में अकीदतमंदों के लिए लंगर का आयोजन किया गया था, जहां सभी ने मिलकर लंगर खाया। इसके बाद जुलूस वापस अखाड़ा चौक पर आकर समाप्त हुआ।
नागरिकों ने किया शानदार इस्तकबाल
ईद-मिलादुन्नबी के इस पैदल जुलूस का शहर के नागरिकों ने जगह-जगह स्टॉल लगाकर शानदार इस्तकबाल किया। हिन्दू-मुस्लिम एकता की मिसाल पेश करते हुए शहरवासियों ने जुलूस में शामिल लोगों को मिष्ठान, फल, खजूर, शरबत और ठंडे पेयजल का वितरण किया।
इस मौके पर छपारा शहर के गणमान्य नागरिकों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने भी बड़ी संख्या में शिरकत की। पूरे कार्यक्रम के दौरान छपारा पुलिस प्रशासन और नौजवान कमेटी के युवाओं का विशेष सहयोग रहा, जिसकी सभी ने सराहना की। जुलूस शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


