₹25 हजार का चोरी गया पूरा सामान बरामद, वारदात में प्रयुक्त बाइक भी जब्त रामनगर। थाना रामनगर पुलिस ने घर के पीछे बाड़ी से सबमर्सिबल पंप, स्टार्टर, बिजली का तार एवं पाइप चोरी के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया करीब ₹25 हजार का पूरा सामान तथा वारदात में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर जब्त की है।
पुलिस के अनुसार ग्राम आमाडांड निवासी श्याम कुमार चौहान ने थाना रामनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 अगस्त 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोर उसके घर के पीछे स्थित बाड़ी में लगे सबमर्सिबल पंप, स्टार्टर, बिजली का तार एवं पाइप चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब ₹25 हजार बताई गई।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना रामनगर में अपराध क्रमांक 246/26 के तहत धारा 302(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
*दो आरोपी गिरफ्तार*
पुलिस ने मामले में चरण प्रसाद केवट (21 वर्ष), पिता रामनाथ केवट तथा ललित केवट (25 वर्ष), पिता लोकनाथ केवट, दोनों निवासी ग्राम आमाडांड को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया सबमर्सिबल पंप, स्टार्टर एवं बिजली का तार बरामद किया गया। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त बाइक क्रमांक MP 65 MA 9026 को भी पुलिस ने जब्त किया है।


