22.9 C
Jabalpur
August 28, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

नर्मदा के गहरे पानी में डूबे पिता-पुत्र, गोताखोरों से तलाश जारी



जबलपुर। चरगंवा थाना क्षेत्र के भड़पुरा घाट में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब महाराष्ट्र से आश्रम में दर्शन करने आए पिता-पुत्र नर्मदा नदी के गहरे पानी में डूब गए। हादसे के बाद घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। देर शाम तक दोनों का पता नहीं चल सका था और उनकी तलाश जारी थी।
पुलिस के अनुसार महाराष्ट्र निवासी 34 वर्षीय गणेश पाटिल अपने 10 वर्षीय पुत्र लकी पटेल के साथ भड़पुरा आश्रम में दर्शन करने आए थे। दर्शन के बाद दोनों नर्मदा नदी में स्नान करने पहुंचे। इसी दौरान लकी अचानक नदी के गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बेटे को डूबता देख पिता गणेश ने उसे बचाने के लिए तत्काल गहरे पानी में छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि तेज बहाव और गहराई के कारण दोनों पानी में समा गए।
हादसा होते ही घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। कुछ लोगों ने नदी में उतरकर दोनों को तलाशने का प्रयास किया, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
गोताखोरों की मदद से तलाश जारी
पुलिस के पहुंचने के बाद स्थानीय गोताखोरों और तैराकों को नदी में उतारा गया। बचाव दल ने नदी के संभावित स्थानों के साथ ही घाट के आसपास के हिस्से में भी सर्चिंग अभियान चलाया। देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका था। घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
धार्मिक यात्रा के दौरान हादसा
बताया गया कि पिता-पुत्र धार्मिक यात्रा पर निकले थे और भड़पुरा आश्रम में दर्शन करने के बाद नर्मदा स्नान के लिए पहुंचे थे। कुछ ही पलों में धार्मिक यात्रा का माहौल हादसे में बदल गया। घटना की जानकारी महाराष्ट्र में उनके परिजनों तक पहुंचने के बाद परिवार में चिंता और शोक का माहौल है। पुलिस घटना की जांच के साथ ही परिजनों से संपर्क कर रही है। फिलहाल बचाव दल की नजर नदी के गहरे हिस्सों पर है और दोनों की तलाश लगातार जारी है।

अन्य ख़बरें

160 संविदा कर्मियों को मिली नियमित नौकरी, ऊर्जा मंत्री ने किया ऐलान

Newsdesk

सांदीपनी स्कूल में जवानों की कलाई पर बंधा रक्षासूत्र, बहनों ने मनाया रक्षाबंधन

Newsdesk

तेवर में महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading