जबलपुर। अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने गोपाल बाग स्थित महेश भवन तलैया के पास एक युवक को देशी कट्टा और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा एवं दो कारतूस जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़ एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली अखिलेश गौर के मार्गदर्शन में अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 3 सितंबर की रात कोतवाली थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि काले रंग की शर्ट और जींस पहने एक व्यक्ति महेश भवन तलैया के पास देशी कट्टा लेकर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़ा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सागर उर्फ श्रेयांश यादव, उम्र 27 वर्ष, निवासी चेरीताल, नई पुलिस चौकी के सामने कोतवाली बताया। तलाशी लेने पर उसकी कमर में देशी कट्टा और पेंट की जेब में दो कारतूस मिले।
पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। हथियार कहां से और कैसे प्राप्त किया गया, इस संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में मारपीट और चोरी सहित तीन अपराध दर्ज हैं। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक सुनील दुबे तथा आरक्षक दान सिंह और उमेश पटेल की सराहनीय भूमिका रही।


