शहडोल 16 सितम्बर 2026- मध्यप्रदेश शासन, खेल और युवा कल्याण विभाग के निर्देशानुसार माँ तुझे प्रणाम योजना अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय सीमा एक्सपोजर विजिट एवं प्रदेश के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक तथा भौगोलिक स्थलों के भ्रमण हेतु वर्ष 2025-26 के लिए चयनित युवाओं का दल आज रवाना हुआ। यह दल 20 सितम्बर तक भ्रमण करेगा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं प्रभारी जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी शहडोल श्री अभिषेक दीवान ने बताया कि माँ तुझे प्रणाम योजना के अंतर्गत संभाग के शहडोल जिले से 22, अनूपपुर से 13, डिण्डौरी से 21 तथा उमरिया से 05 युवा, इस प्रकार कुल 66 युवाओं का दल दयानन्द सौंधिया, ब्लॉक युवा समन्वयक एवं दल मैनेजर के नेतृत्व में ट्रेन से इंदौर के लिए रवाना हुआ।
इंदौर पहुंचने के उपरांत स्थानीय अधिकारियों द्वारा युवाओं को माण्डव, ओंकारेश्वर एवं महेश्वर के भ्रमण पर ले जाया जाएगा। इस दौरान युवाओं को प्रदेश के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं भौगोलिक स्थलों से परिचित कराने के उद्देश्य से अनुभव यात्रा कराई जाएगी।
माँ तुझे प्रणाम योजना के माध्यम से युवाओं को देश एवं प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक विरासत तथा भौगोलिक विविधताओं को नजदीक से जानने और समझने का अवसर प्राप्त होगा। भ्रमण के दौरान युवा इन महत्वपूर्ण स्थलों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करेंगे।


