महापौर और निगमायुक्त ने लिया माल गोदाम व गीता भवन का जायजाजबलपुर। अमर शहीद राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस 18 सितंबर को भव्य और गरिमामय ढंग से मनाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के उद्देश्य से महापौर जगत बहादुर सिंह “अन्नू” एवं निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने संयुक्त रूप से विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का स्थल निरीक्षण किया और तैयारियों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान महापौर एवं निगमायुक्त सबसे पहले मालगोदाम स्थित प्रतिमा स्थल पहुंचे। उन्होंने वीर शहीदों की प्रतिमा परिसर की साफ-सफाई, रंग-रोगन, प्रकाश व्यवस्था, तथा सुरक्षा प्रबंधों का बारीक निरीक्षण किया। इसके पश्चात उन्होंने गीता भवन का रुख किया, जहाँ आयोजित होने वाले मुख्य सांस्कृतिक एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा बैठक व्यवस्था का अवलोकन किया।
मालगोदाम चौक स्थित प्रतिमा स्थल पर विशेष रोशनी आदि की व्यवस्था की जा रही है।
आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं एवं नागरिकों की सुविधा के लिए यातायात नियंत्रण, पार्किंग तथा पेयजल की माकूल व्यवस्था के निर्देश दिए गए।
प्रतिमा स्थल से लेकर गीता भवन तक पहुँच मार्गों पर निरंतर विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा गया है।
महापौर जगत बहादुर सिंह “अन्नू” ने कहा कि राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह का बलिदान हमारी अमूल्य धरोहर है। उनके सम्मान में आयोजित यह कार्यक्रम पूरे शहर के लिए गौरव का क्षण है, इसलिए तैयारियों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए, ताकि नागरिकों और अतिथियों को एक बेहतर और गरिमामय वातावरण मिल सके।


