17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में होंगी जनसेवा एवं जनभागीदारी की विभिन्न गतिविधियां
अनूपपुर। सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से अनूपपुर जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ गुरूवार को पवित्र नर्मदा नगरी अमरकंटक से हुआ। अभियान के दौरान जिलेभर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां जनभागीदारी के साथ आयोजित की जाएंगी।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर अमरकंटक स्थित माँ नर्मदा मंदिर प्रांगण में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच माँ नर्मदा का पूजन-अर्चन किया गया। 21 बटुकों द्वारा वेद मंत्रों का उच्चारण किया गया, जिससे मंदिर परिसर आध्यात्मिक एवं भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा। इसके पश्चात माँ नर्मदा की आरती कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति, नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य एवं कल्याण की कामना की गई।
मध्यप्रदेश के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार ने माँ नर्मदा के उद्गम स्थल पहुंचकर पूजन-अर्चन किया। उन्होंने कहा कि माँ नर्मदा मध्यप्रदेश की जीवनरेखा हैं और अमरकंटक की पावन भूमि का धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पूरे प्रदेश में विशेष है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान जनसेवा के साथ जनभागीदारी को सशक्त करने का माध्यम बनेगा। अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी के साथ विभिन्न जनसेवा गतिविधियों को गति दी जाएगी। स्वच्छ एवं सुंदर जिले की दिशा में सामूहिक प्रयासों के साथ पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष जोर रहेगा।
राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, कलेक्टर रत्नाकर झा, पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी,वनमंडलाधिकारी डेविड व्यंकटराव चनाप अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ वसीम अहमद भट्ट तथा भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी माँ नर्मदा के दर्शन कर कार्यक्रम में सहभागिता की।


