’
कार्यक्रम से सेवा संकल्प अभियान का जबलपुर में भव्य आगाजजबलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर शुरू हुए एक माह तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ का जबलपुर जिले में भव्य और उत्साहपूर्ण आगाज हुआ। अभियान के तहत गुरुवार को गौरीघाट स्थित मां नर्मदा के पावन तट पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम ने श्रद्धा, आस्था और सामाजिक सहभागिता का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। एक लाख से अधिक दीपों की रोशनी से मां नर्मदा का आंचल जगमगा उठा।
संध्या होते ही गौरीघाट के नर्मदा तट पर एक साथ दीप प्रज्वलित किए गए। देखते ही देखते घाट रोशनी से नहा उठा और नर्मदा की लहरों पर दीपों की चमक मनोहारी दृश्य प्रस्तुत करने लगी। श्रद्धालुओं और नागरिकों ने इस अलौकिक दृश्य को अपने कैमरों में भी कैद किया। पूरे घाट पर दीपों की कतारों ने वातावरण को आध्यात्मिक और उत्सवी बना दिया।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का उद्देश्य सेवा, संस्कार और सामाजिक सहभागिता की भावना को जन-जन तक पहुंचाना रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता, सामाजिक सहभागिता और जनसेवा की भावना को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मां नर्मदा के तट पर मौजूद लोगों ने दीप प्रज्वलित कर सेवा और समाज के प्रति अपने दायित्व का संकल्प भी लिया। बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता से गौरीघाट का वातावरण उत्साह और भक्ति से भर गया।
जबलपुर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान में गौरीघाट का विशेष स्थान है। ऐसे में एक लाख से अधिक दीपों से सजे नर्मदा तट ने सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ को विशेष बना दिया। नर्मदा की कल-कल करती धारा और उसके किनारे टिमटिमाते दीपों का दृश्य देर शाम तक आकर्षण का केंद्र बना रहा।


