सुबह स्वच्छता श्रमदान और पौधारोपण से शुरुआत, दिनभर रक्तदान-स्वास्थ्य शिविर, सहभोज और हितलाभ वितरण; शाम को शंकरघाट पर 5 हजार दीपों से जगमगाएगा सेवा का संकल्प
बालाघाट 17 सितम्बर 2026। सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों के सहयोग का संदेश लेकर नगर पालिका परिषद बालाघाट द्वारा 17 सितंबर को ‘सेवा से संकल्प’ अभियान के तहत दिनभर विभिन्न जनसेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की गईं। सुबह स्वच्छता श्रमदान और पौधारोपण से शुरू हुआ अभियान दिनभर अलग-अलग सेवा गतिविधियों के रूप में आगे बढ़ा। कार्यक्रमों में सांसद, नगर पालिका अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
मोती गार्डन में श्रमदान से हुई शुरुआत
अभियान की शुरुआत सुबह 7 बजे मोती गार्डन से हुई। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और नागरिकों ने श्रमदान कर परिसर की स्वच्छता में सहभागिता की। इसके साथ ही पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस दौरान नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
दोपहर 12 बजे नगर पालिका कार्यालय परिसर में रक्तदान एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। नागरिकों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया गया तथा जरूरत के अनुसार नि:शुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। जनसेवा के साथ स्वास्थ्य सेवा को जोड़ते हुए आयोजित इस शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
दीनदयाल रसोई में हितग्राहियों के साथ सहभोज
दोपहर 1 बजे दीनदयाल रसोई केंद्र में हितग्राहियों के साथ सहभोज आयोजित किया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने हितग्राहियों के साथ बैठकर भोजन किया और उनसे संवाद किया। सहभोज के माध्यम से जरूरतमंद वर्ग के साथ अपनत्व और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया। शाम 5 बजे पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को विभिन्न हितलाभ वितरित किए गए। इस अवसर पर हितग्राहियों को योजना के माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं और लाभों की जानकारी दी गई। उन्हें स्वरोजगार को मजबूत करने तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
शंकरघाट पर 5 हजार दीपों से जगमगाएगा सेवा का संकल्प
अभियान के तहत शाम 7 बजे शंकरघाट पर 5 हजार दीप प्रज्वलन एवं गंगा आरती का आयोजन किया जाना है। इसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों की सहभागिता रहेगी। दीप प्रज्वलन के माध्यम से सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के संकल्प को दोहराया जाएगा।
कार्यक्रमों में क्षेत्रीय सांसद श्रीमती भारती पारधी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती ठाकुर, उपाध्यक्ष श्री योगेश बिसेन, सभापतिगण, पार्षदगण तथा नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री सूर्यप्रकाश उके सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों ने कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती ठाकुर एवं सांसद श्रीमती भारती पारधी ने अभियान की सफलता पर जनप्रतिनिधियों, नागरिकों तथा नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ‘सेवा से संकल्प’ अभियान का उद्देश्य जनसेवा को जनभागीदारी से जोड़ते हुए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंद लोगों तक सहयोग पहुंचाना है।


