पुणे, 20 सितंबर । पुणे के सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में छात्रों की स्थिति पर रविवार को महाराष्ट्र नवनिर्माण विद्यार्थी सेना (एमएनवीएस) के अध्यक्ष अमित ठाकरे ने सख्त नाराजगी जताई। दौरे के बाद उन्होंने कॉलेज प्रिंसिपल और पुलिस से तुरंत सुधार की अपील करते हुए चेतावनी दी कि गणेशोत्सव खत्म होते ही वे दोबारा निरीक्षण करने आएंगे। इसी दौरान एमएनवीएस अध्यक्ष ने मराठवाड़ा और विदर्भ में सूखे जैसे हालात पर सरकार को घेरा।
पॉलिटेक्निक कॉलेज के दौरे को लेकर एमएनवीएस के अध्यक्ष अमित ठाकरे ने कहा, “मैं वहां फिर से जाऊंगा। जैसे ही गणेशोत्सव खत्म होगा। मैं यह देखने के लिए सबसे पहले वहां जाऊंगा कि क्या समस्याएं हल हो गई हैं? मैं पुलिस और प्रिंसिपल से भी अपील करता हूं, जैसा कि मैंने पहले कहा है कि वहां की समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। ये बच्चे कीड़े वाला खाना खा रहे हैं। उनके पीने के पानी में कीड़े हैं। उनके शौचालय की हालत बहुत खराब और गंदी है। उनके हॉस्टल की हालत भी गंदी है। छात्रों को ऐसी हालत में नहीं रहना चाहिए, चाहे वे सरकारी या प्राइवेट संस्थान हों।”
महाराष्ट्र नवनिर्माण विद्यार्थी सेना के अध्यक्ष ने कहा कि एसी कमरे में बैठकर आप जमीनी हालात को नहीं समझ पाएंगे। किसानों से मिलिए। मैंने कई वीडियो देखे हैं, जिसमें किसान मंत्रियों के पास जाकर कहते हैं कि ‘प्लीज हमारे बारे में सोचिए और हमसे मिलने आइए।’ वे रो रहे होते हैं, जबकि मंत्री उनकी बात सुने बिना चले जाते हैं। मुझे लगता है कि आपने भी ये वीडियो देखे होंगे।
उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि सूखे की स्थिति घोषित कर देनी चाहिए और किसानों को जो राहत चाहिए, वह उन्हें दी जानी चाहिए। हो सकता है आपने (सरकार) अभी तक ऐसी घोषणा न की हो, लेकिन कुदरत ने पहले ही सूखे जैसी स्थिति बना दी है।”
अमित ठाकरे ने कहा कि मैं हर साल पुणे आता हूं और गणेशोत्सव का अनुभव करने के लिए यहां आना मुझे बहुत अच्छा लगता है। जिस तरह से लोग गौरी गणपति के बाद या पांचवें दिन गणपति दर्शन के लिए आते हैं, उससे उत्साह का एक बिल्कुल अलग माहौल बन जाता है। शहर में घूमना और पैदल गणपति पंडालों में जाना अपने आप में एक अनुभव है।
मराठवाड़ा और विदर्भ इलाकों में सूखे जैसे हालात को लेकर एमएनवीएस अध्यक्ष ने कहा कि मैं इलाके का दौरा करने जा रहा हूं। जिम्मेदार मंत्रियों को सूखे की स्थिति घोषित करनी चाहिए।


