अनूपपुर। बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर 28 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया गया है। हड़ताल के दौरान लगातार तीन दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहने की संभावना है।
ऑफिसर्स एसोसिएशन के नेता आशीष तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि बैंकिंग क्षेत्र में कर्मचारियों एवं अधिकारियों से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। आंदोलन की प्रमुख मांग 5-दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना है। संगठन का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था में सप्ताह में छह दिन बैंकिंग कार्य होने के कारण कर्मचारियों एवं अधिकारियों को लगातार कार्यदिवसों का सामना करना पड़ता है। 5-दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू होने से सप्ताह में दो दिन अवकाश मिलने की व्यवस्था हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि 5-दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था सहित अन्य लंबित मांगों के समाधान को लेकर संगठन द्वारा सरकार एवं संबंधित स्तर पर लगातार मांग रखी जा रही है। मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने की स्थिति में आंदोलन आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।
आशीष तिवारी ने बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों के साथ-साथ आम बैंक ग्राहकों से भी हड़ताल के दौरान सहयोग की अपील की है। हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए ग्राहकों से आवश्यक बैंकिंग कार्य पहले से निपटाने का आग्रह किया गया है।


