नई दिल्ली,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक अलग अंदाज शुक्रवार शाम को देखने को मिला। वे दिल्ली के दीनदयाल उपाध्याय पार्क में आयोजित ‘भजन क्लबिंग’ कार्यक्रम में जेन-जी युवाओं के बीच पहली पंक्ति में बैठे नजर आए। इस दौरान वे भक्ति गीतों की धुन पर ताली बजाते और खंजरी बजाते दिखे। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘इंस्टाग्राम’ पर इस कार्यक्रम का वीडियो शेयर किया और कैप्शन में लिखा, “क्या इसे देखते हुए आपने अपने पैर थपथपाए?”दरअसल, ‘भजन क्लबिंग’ युवाओं, खासकर जेन-जी के बीच तेजी से उभरता हुआ एक आध्यात्मिक ट्रेंड है। इसमें पारंपरिक भजनों और कीर्तनों को आधुनिक संगीत और अंदाज में पेश किया जाता है, ताकि युवा पीढ़ी भक्ति से जुड़ सके। इसी कड़ी में शुक्रवार को भारतीय जनसंघ के नेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के उपलक्ष्य में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रधानमंत्री मंच के सामने दर्शकों के बीच बैठे हैं, जबकि मंच पर गायक और संगीतकार भक्ति गीत गा रहे हैं। पीएम मोदी पूरे भक्ति भाव में लीन होकर ताली बजाते नजर आ रहे हैं।


