जबलपुर। आगामी नवरात्रि, दीपावली और छठ पर्व के दौरान रेलवे स्टेशनों पर संभावित यात्री भीड़ को देखते हुए जबलपुर रेल मंडल ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा की अध्यक्षता में शुक्रवार को मंडल कार्यालय में वर्चुअल बैठक आयोजित कर प्रमुख स्टेशनों की व्यवस्थाओं और भीड़ प्रबंधन की समीक्षा की गई।
बैठक में जबलपुर, मदन महल, कटनी, सतना, मैहर, रीवा, सागर, दमोह और ब्यौहारी सहित अन्य स्टेशनों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। डीआरएम ने निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करते हुए यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित रखें।
स्टेशनों पर लिफ्ट, एस्केलेटर, सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सर्कुलेटिंग एरिया, होल्डिंग एरिया, डिस्प्ले, उद्घोषणा और कोच गाइडेंस सिस्टम की नियमित निगरानी करने को कहा गया। विशेष ट्रेनों और बढ़ी यात्री संख्या को देखते हुए यथासंभव प्लेटफॉर्म परिवर्तन से बचने तथा यात्रियों को समय पर स्पष्ट जानकारी देने के निर्देश दिए गए।
सीसीटीवी और होल्डिंग एरिया पर जोर
भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यकता के अनुसार होल्डिंग एरिया विकसित करने और वहां पर्याप्त प्रकाश व अन्य सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया। सीसीटीवी कैमरों को चालू रखने तथा वार रूम के माध्यम से स्टेशन की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए।
डीआरएम ने शौचालय, पेयजल और सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी के साथ किसी भी समस्या की तत्काल सूचना देकर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।


