राजनीति से अलग सामाजिक सरोकारों पर चर्चा, जातिवाद और आपसी मतभेद दूर करने का लिया संकल्प_
सी टाइम्स कुरई- ग्राम पंचायत चक्की खमरिया में सर्व समाज महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत का उद्देश्य किसी राजनीतिक दल या राजनीतिक विचारधारा से जुड़ना नहीं, बल्कि समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर लाकर सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों पर खुलकर चर्चा करना रहा।
महापंचायत में वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी जाति, वर्ग, विचारधारा तथा अन्य छोटे-छोटे मुद्दों को लेकर लोगों के बीच मतभेद और विवाद देखने को मिलते हैं। ऐसे में आवश्यकता है कि सभी समाज एक-दूसरे के साथ खड़े हों और सामाजिक समस्याओं का समाधान मिल-बैठकर निकालें। सर्व समाज का मंच किसी एक वर्ग विशेष का नहीं है, बल्कि सभी समाजों की समस्याओं और चिंताओं को समान रूप से सुनने का प्रयास है।
*”हम कहां पिछड़ रहे हैं”, इस पर हुआ विचार-मंथन*
बैठक में इस बात पर विशेष चर्चा हुई कि वर्तमान समय में समाज किन क्षेत्रों में पिछड़ रहा है और उसे आगे बढ़ाने के लिए क्या कदम उठाए जाने चाहिए। डिजिटल युग में बच्चों और युवाओं की बदलती सोच, मोबाइल एवं सोशल मीडिया का बढ़ता प्रभाव, शिक्षा, संस्कार और युवाओं की दिशा को लेकर भी गंभीर मंथन किया गया।
बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा, संस्कार और उनके भविष्य को लेकर भी उपस्थित लोगों ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि समाज के विकास का आधार केवल आर्थिक प्रगति नहीं, बल्कि बच्चों को बेहतर शिक्षा, संस्कार और सही दिशा देना भी है।
*वरिष्ठ नागरिकों की रही महत्वपूर्ण भूमिका*
सर्व समाज महापंचायत में समाज के वरिष्ठजनों, गणमान्य नागरिकों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति रही। वरिष्ठजनों ने अपने अनुभव साझा करते हुए सामाजिक एकता बनाए रखने, आपसी विवादों को बातचीत के माध्यम से सुलझाने तथा आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया।
महापंचायत में इस बात पर सहमति बनी कि समाज की समस्याओं को किसी एक वर्ग या व्यक्ति की समस्या मानने के बजाय सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में देखा जाए। सभी समाजों को साथ लेकर सामाजिक सुधार और जागरूकता के कार्य आगे बढ़ाए जाएं।
आयोजकों ने कहा कि सर्व समाज महापंचायत का उद्देश्य किसी के विरोध में खड़ा होना नहीं, बल्कि सभी को साथ लेकर चलना है। आने वाले समय में भी ऐसे आयोजन कर ग्रामीण क्षेत्र की सामाजिक समस्याओं, शिक्षा, युवा पीढ़ी, बेटियों और समाज के विकास से जुड़े विषयों पर लगातार संवाद किया जाएगा।


