घायल बच्चे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती
जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र के गढ़ापुरवा रोड पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब तेज रफ्तार कार ने बच्चों से भरी स्कूली वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार बच्चों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे में वैन सवार 8 बच्चे घायल हुए हैं, जिनमें 3 बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार धनवंतरी नगर स्थित ब्रिटिश स्कूल की वैन रोजाना की तरह गुरुवार को बच्चों को स्कूल से लेकर घर की ओर लौट रही थी। इसी दौरान गढ़ापुरवा रोड के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने वैन को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद वैन में सवार बच्चे घबरा गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। घायल बच्चों को तत्काल मेडिकल अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। तीन बच्चों को गंभीर चोटें आने के कारण उनकी स्थिति पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। अपने बच्चों को घायल अवस्था में देखकर परिजनों में चिंता और आक्रोश का माहौल रहा।
पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों, वाहनों की रफ्तार और मौके की परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


