जबलपुर। 25 वर्षीय अर्जुन सिंह हत्याकांड में निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग को लेकर मृतक के परिजन 1 अक्टूबर को एसपी कार्यालय पहुंचे। पूर्व सैनिक एवं मृतक के पिता गया प्रसाद ने परिवार के साथ एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा को ज्ञापन सौंपकर मामले की विवेचना सुदृढ़ तरीके से कराने और आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की।
परिजनों ने आरोप लगाया कि अर्जुन सिंह की पांच नामजद आरोपियों ने सामूहिक रूप से हत्या की और वारदात के बाद शव को पुल से नीचे फेंक दिया गया। परिवार ने घटना की जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की मांग करते हुए सिकंदर चिकन शॉप स्थित घटनास्थल की गहन जांच कराने तथा आवश्यकता होने पर उसे सील करने की मांग की है।
ज्ञापन में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और डीवीआर, कथित हत्या में इस्तेमाल हथियारों तथा प्रत्यक्षदर्शियों एवं अन्य महत्वपूर्ण गवाहों के बयान तत्काल सुरक्षित कराने की मांग की गई है। परिजनों ने हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने और शव को ठिकाने लगाने के आरोपों की भी गंभीरता से जांच करने तथा BNS की धारा 238 सहित अन्य लागू धाराएं जोड़ने की मांग की।
परिवार ने मृतक का गायब मोबाइल, सोने की चेन और चांदी की राखियां बरामद करने की मांग भी रखी है। इसके अलावा मेडिकल बोर्ड से पूरक अभिमत लेने और मामले के प्रमुख गवाहों के साथ पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई।
परिजनों का कहना है कि न्याय के लिए उन्हें लंबा इंतजार न करना पड़े, इसलिए विवेचना जल्द पूरी कर आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय में समयबद्ध तरीके से चार्जशीट पेश की जाए। एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा को ज्ञापन सौंपते हुए परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग दोहराई।


