जबलपुर। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पाटन थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 33 पेटियों में भरी 1650 पाव देशी शराब जब्त की है। जब्त शराब की कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा एवं एसडीओपी पाटन आशुतोष द्विवेदी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी पूजा उपाध्याय ने बताया कि 1 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कटरा बेलखेड़ा निवासी सुखदेव सिंह लोधी और शुभम सिंह लोधी बड़ी मात्रा में शराब लेकर बस स्टैंड स्थित हनुमान मंदिर के पास ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम सुखदेव सिंह लोधी (30) और शुभम सिंह लोधी (20), निवासी कटरा बेलखेड़ा, पाटन बताए।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शुभम के घर के सामने स्थित कमरे और भूसा रखने वाले कमरे की तलाशी ली, जहां शराब की पेटियां मिलीं। पूछताछ में शुभम ने 16 पेटी और सुखदेव ने 17 पेटी शराब रखना स्वीकार किया। पुलिस ने कुल 33 पेटियों से 1650 पाव देशी शराब जब्त की।
दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई। कार्रवाई में उप निरीक्षक अरविंद सिंह राजपूत, आरक्षक दीपक सिंह, विजय यादव, विनय मिश्रा, पुष्पेन्द्र यादव, सुमित तथा महिला आरक्षक निधि कुर्मी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


