20.1 C
Jabalpur
October 4, 2026
सी टाइम्स
खेल

डर्बी की घटना के बाद क्रिकेट रेगुलेटर ने ब्रायडन कार्स पर लगाया क्रिकेट की छवि खराब करने का आरोप



लंदन, 2 अक्टूबर  अगस्त में डर्बी में देर रात हुई एक घटना के बाद इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स पर क्रिकेट रेगुलेटर ने आरोप लगाए हैं। उन पर अपने व्यवहार से क्रिकेट की छवि खराब करने का आरोप लगाया गया है।

31 साल के कार्स को 23 अगस्त की सुबह अपनी काउंटी टीम डरहम के साथियों के साथ बाहर रहने के दौरान नशे में होने और बदमाशी करने के शक में गिरफ्तार किया गया था और बाद में छोड़ दिया गया था। इसके बाद में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें उन्हें हथकड़ी पहने हुए देखा गया।

डर्बीशायर पुलिस ने उसी रात हुई मारपीट के आरोप की जांच शुरू की थी, लेकिन वह जांच पिछले महीने बिना किसी आरोप के बंद कर दी गई थी। अब खेल की घरेलू निगरानी संस्था ने कार्स पर इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के प्रोफेशनल कंडक्ट रेगुलेशन के नियम 3.2 के उल्लंघन का आरोप लगाया है।

क्रिकेट रेगुलेटर ने शुक्रवार को अपने बयान में कहा, “मामले को अब फैसले के लिए स्वतंत्र क्रिकेट डिसिप्लिन पैनल के पास भेजा जाएगा। चूंकि प्रक्रिया चल रही है, इसलिए आगे कोई टिप्पणी नहीं की जाएगी।”

नियम 3.2 के अनुसार, “कोई भी प्रतिभागी किसी भी समय ऐसा व्यवहार नहीं कर सकता, कोई ऐसा काम नहीं कर सकता या कोई ऐसी चूक नहीं कर सकता जो अनुचित हो या जो क्रिकेट के हितों के लिए हानिकारक हो या जिससे ईसीबी, क्रिकेट के खेल या किसी क्रिकेटर या क्रिकेटरों के समूह की बदनामी हो।”

इस घटना के बाद ब्रायडन कार्स को पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम से तुरंत बाहर कर दिया गया था। तब से उन्होंने इंग्लैंड के लिए कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। कार्स ने अपना आखिरी मैच जनवरी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीज के अंतिम टेस्ट में खेला था। इसके बाद चोट के कारण वह इंग्लिश समर सीजन के शुरुआती हिस्से में मैदान से बाहर रहे। हालांकि फिट होने के बाद उन्होंने शानदार वापसी की और डरहम की टीम को काउंटी चैंपियनशिप के डिवीजन वन में प्रमोशन दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनकी टीम पूरे सीजन में एक भी मैच नहीं हारी।

गुरुवार को ब्रायडन कार्स की मुश्किलें तब और बढ़ गईं, जब उन्हें पाकिस्तान में होने वाली वनडे ट्राई-सीरीज के लिए इंग्लैंड की टीम में भी जगह नहीं मिली। पिछले महीने उनकी स्थिति पर बात करते हुए इंग्लैंड के व्हाइट-बॉल कप्तान हैरी ब्रूक ने कहा था कि कार्स को क्रिकेट से कुछ समय का ब्रेक लेने की जरूरत है। ब्रूक ने श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू होने से पहले कहा था, “कार्स मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं। मैंने उनसे काफी बात की है। मुझे लगता है कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से कुछ समय दूर रहने की जरूरत है। वह पर्दे के पीछे कुछ निजी और पेशेवर मामलों पर काम कर रहे हैं। उम्मीद है कि भविष्य में वह फिर से खेलने के लिए तैयार होंगे।”

अन्य ख़बरें

एशियन गेम्स: मलेशिया को 5-1 से रौंदकर भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जीता गोल्ड, हासिल किया ओलंपिक टिकट

Newsdesk

एशियन गेम्स 2026 : भारत ने लगातार दूसरी बार जीता गोल्ड मेडल, फाइनल में पाकिस्तान को 19 रनों से हराया

Newsdesk

दक्षिण अफ्रीका के लुआन-ड्रे प्रीटोरियस ने खेली टी20 की सबसे बड़ी पारी, पीछे छूटा क्रिस गेल का 13 साल पुराना रिकॉर्ड

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading