जबलपुर। सिहोरा थाना क्षेत्र में एनएच 30 पर मिश्रा पेट्रोल पंप के पास कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 75 वर्षीय करनदास पटेल और 56 वर्षीय उमाशंकर पटेल उर्फ बब्लू के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार दोनों 2 अक्टूबर को ग्राम खुड़ावल से दिनारी खमरिया में सामाजिक कार्यक्रम की बैठक में शामिल होने जा रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे अर्टिगा कार क्रमांक यूपी 16 डीजेड 1243 ने कथित रूप से उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। करनदास की सिहोरा अस्पताल में मौत हुई, जबकि उमाशंकर ने जबलपुर ले जाते समय दम तोड़ दिया।
सिहोरा पुलिस ने कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है। वाहन की तकनीकी जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।


