जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी से मारपीट और बाद में उसकी मोटरसाइकिल को कार से टक्कर मारने का मामला दर्ज किया गया है। महिला और उसके भाई को हाथ, पैर, सिर और शरीर में चोटें आई हैं।
शिकायतकर्ता रानी गर्ग के अनुसार 30 सितंबर की रात उनके पति अंकुश गर्ग ने गांव चलने को कहा। कार में अधिक लोगों के होने के कारण उन्होंने जाने से इनकार किया तो पति ने कथित रूप से गाली-गलौज और मारपीट की। बीच-बचाव करने आए महिला के भाई सौरभ दुबे से भी अंकुश और आयुष गर्ग ने मारपीट की। आरोप है कि महिला भाई के साथ मोटरसाइकिल से शिकायत दर्ज कराने जा रही थी, तभी पाटन रोड पर पानी की टंकी के पास पति ने कार से उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
माढ़ोताल पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(ए), 115(2), 281 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज किया है। शिकायत में लगाए गए आरोपों और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।


