जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र के मरघटाई के पास स्थित कृष्णानगर कॉलोनी में शनिवार देर रात अज्ञात युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। रात करीब 2 बजे कॉलोनी में खड़े वाहनों को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने एक कार और ई-रिक्शा के कांच फोड़ दिए, जबकि एक बाइक में भी तोड़फोड़ की गई। अचानक वाहनों के कांच टूटने की आवाज से कॉलोनी में हड़कंप मच गया।
आवाज सुनकर रहवासी अपने घरों से बाहर निकले, लेकिन तब तक उत्पात मचाने वाले युवक मौके से फरार हो चुके थे। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। रहवासियों का कहना है कि देर रात असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ने से क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
पुलिस गश्त पर उठे सवाल
स्थानीय निवासी एवं युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष सतेंद्र सोनू कुकरेले ने बताया कि घटना रात करीब 2 बजे की है। उनका कहना है कि यदि क्षेत्र में पुलिस की नियमित गश्त और प्रभावी निगरानी होती तो इस तरह की घटना पर अंकुश लगाया जा सकता था। रहवासियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में उत्पात मचाने वालों में पुलिस का भय नजर नहीं आ रहा है।
पहचान कर कार्रवाई की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने और कॉलोनी में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। रहवासियों का कहना है कि वाहनों में तोड़फोड़ करने वाले आरोपियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


