जबलपुर। सिविल लाइन क्षेत्र में ऑटो से रेलवे स्टेशन जा रहे यात्री पर चाकू से हमला कर 500 रुपये लूटने के मामले में पुलिस ने 26 वर्षीय शुभम बेन को गिरफ्तार किया है और एक किशोर को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस के अनुसार छीनी गई रकम, घटना में इस्तेमाल ऑटो और चाकू जब्त किए गए हैं।
सिंगरौली निवासी दिलकेश शाह, 25 वर्ष, ने 8 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनके अनुसार तीन पत्ती चौराहे से स्टेशन तक 20 रुपये किराया तय हुआ था, लेकिन स्टेशन के पास चालक और उसके साथी ने 20 हजार रुपये मांगे। विरोध करने और भागने की कोशिश करने पर चाकू से कमर के पास हमला किया गया तथा जेब से 500 रुपये निकाल लिए गए।
थाना प्रभारी शशि धुर्वे की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर रकम, ऑटो और छिपाया गया चाकू बरामद हुआ। भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज मामले की जांच जारी है।


