जबलपुर। जिला प्रशासन, पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद तथा नगर परिषद भेड़ाघाट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने जा रहे नर्मदा महोत्सव 2026 के अंतर्गत माँ नर्मदा के प्राकृतिक सौंदर्य पर आधारित फोटोग्राफी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य भेड़ाघाट क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तथा माँ नर्मदा की मनोहारी छटा को फोटोग्राफी के माध्यम से जनसामान्य तक पहुँचाना है।
प्रतियोगिता में भेड़ाघाट क्षेत्र के लम्हेटाघाट, धुआंधार जलप्रपात, बंदरकुदनी सहित अन्य प्राकृतिक स्थलों के आकर्षक दृश्यों को अपने कैमरे में कैद करने वाले इच्छुक व्यक्ति एवं फोटोग्राफर भाग ले सकते हैं।
प्रतियोगिता में शामिल होने के इच्छुक प्रतिभागियों को अपने फोटोग्राफ 24 अक्टूबर 2026 को शाम 5 बजे तक नगर परिषद कार्यालय, भेड़ाघाट में विजय कुमार कोरी के पास जमा करना अनिवार्य होगा। प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी के लिए उनसे संपर्क किया जा सकता है।
फोटोग्राफी प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं की घोषणा 24 अक्टूबर 2026 को की जाएगी। नर्मदा महोत्सव 2026 के कार्यक्रम के दौरान विजेताओं को प्रमाण-पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
जिला प्रशासन एवं नगर परिषद भेड़ाघाट द्वारा सभी इच्छुक फोटोग्राफरों एवं नागरिकों से इस प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने की अपील की गई है, ताकि माँ नर्मदा के अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य एवं भेड़ाघाट की पर्यटन विरासत को व्यापक पहचान मिल सके।


