बिना नंबर की काली बाइक पर सवार थे दो नकाबपोश, फोन पर बात करते समय झपट्टा मारकर हुए फरार
जबलपुर। शहर में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। विजय नगर थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े मोबाइल लूट की वारदात सामने आई है। लेडी एल्गिन अस्पताल के ब्लड बैंक में पदस्थ डॉक्टर तुषार गुप्ता को निशाना बनाते हुए बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश उनका करीब दो लाख रुपये कीमत का मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
फोन पर बात करते समय मारा झपट्टा
जानकारी के अनुसार, डॉ. तुषार गुप्ता कचनार सिटी के गेट नंबर-2 के पास रहते हैं। बुधवार को वे रोजाना की तरह घूमने के लिए जीरो डिग्री की ओर निकले थे। मेन रोड पर पैदल चलते समय उनके मोबाइल पर कॉल आया और वे बात करने लगे। इसी दौरान काले रंग की बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और अचानक झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लिया। डॉक्टर ने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन दोनों तेज रफ्तार से बाइक चलाते हुए मौके से भाग निकले।
चेहरे ढंके, बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं
डॉ. तुषार गुप्ता के मुताबिक, दोनों बदमाशों ने कपड़े से अपने चेहरे ढंक रखे थे। उनकी बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया। घटना के बाद डॉक्टर विजय नगर थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज कराई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
शिकायत मिलने के बाद विजय नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फुटेज में बिना नंबर प्लेट वाली काली बाइक पर दो युवक दिखाई दे रहे हैं।
विजय नगर थाना प्रभारी धीरज राज ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कही है।


