1.25 करोड़ रुपये से अधिक की राशि बकाया, प्रीमियम और किराया जमा नहीं करने पर उठाया कदम
जबलपुर। सिहोरा नगर पालिका परिषद ने बकाया राशि की वसूली के लिए सख्त रुख अपनाते हुए नया बस स्टैंड स्थित 10 दुकानों को सील कर दिया। रविवार दोपहर की गई इस कार्रवाई से बकायादार दुकानदारों में हड़कंप मच गया। नगर पालिका के अनुसार, संबंधित दुकानों पर 1 करोड़ 25 लाख रुपये से अधिक की राशि बकाया है, जिसमें 75 लाख 11 हजार 576 रुपये प्रीमियम और लगभग 50 लाख रुपये किराये की राशि शामिल है।
नगर पालिका अधिकारियों के मुताबिक, बकाया राशि जमा करने के लिए दुकानदारों को कई बार नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद भुगतान नहीं किए जाने पर दुकानों को सील करने की कार्रवाई की गई। नगर पालिका अब नियमों के तहत आगे की प्रक्रिया भी शुरू करेगी।
नियमानुसार, आवंटन के 120 दिनों के भीतर प्रीमियम की राशि जमा नहीं करने पर दुकान का आवंटन निरस्त किया जा सकता है। इसके अलावा, अनुबंध नहीं करने और किराया जमा नहीं करने वाले दुकानदारों को बेदखल कर संबंधित दुकानों की दोबारा नीलामी की जाएगी।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रदीप झरिया के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के दौरान रवि बर्मन, संतोष तिवारी, अनिकेत तिवारी, आनंद नामदेव, संदीप श्रीवास्तव, हिमांशु कुरारिया और कीर्ति बर्मन (हैप्पी) मौजूद रहे। नगर पालिका ने बकायादारों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द बकाया राशि जमा कराएं, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई से बचा जा सके।


