कार सर्विस सेंटर के यार्ड में खड़ी गाड़ियों से करते थे चोरी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
अनूपपुर। कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने चोरी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया कॉपर वायर और पुराने वाहन पार्ट्स भी जब्त किए हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार ग्राम दुलहरा निवासी संदीप साहू पिता रामपाल साहू उम्र 24 वर्ष ने 25 अक्टूबर को थाना में रिपोर्ट दर्ज कि अनूपपुर स्थित रायपुर कार सर्विस सेंटर के यार्ड में खड़ी गाड़ियों के पार्ट्स, वायरिंग और अन्य सामान की चोरी हो रही थी। 24 अक्टूबर की रात करीब 1 से 2 बजे के बीच तोड़ने की आवाज सुनाई देने पर उसने मौके पर जाकर देखा, जहां दो व्यक्ति एक कार का बोनट खोलकर सामान निकाल रहे थे। दोनों को पकड़कर पूछताछ की गई, लेकिन संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर उन्हें थाना लाया गया। फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 303(2) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भारत लाल यादव पिता नत्थूलाल यादव उम्र 19 वर्ष निवासी सकरिया तथा पप्पू पुरी पिता सुनील पुरी उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम सोनमौहरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से चोरी किया गया कॉपर वायर और पुराने वाहन पार्ट्स जब्त किए हैं। कोतवाली पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस मामले की विवेचना में जुटी हुई है।


