बोले– सबकी मने दिवाली, देश में हो खुशहाली, स्थानीय कारीगरों से खरीदारी कर उनके घरों में भी पहुंचाएं त्योहार की खुशियां
जबलपुर। दीपावली के पर्व पर स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और स्थानीय छोटे व्यापारियों का उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने सराहनीय पहल की। उन्होंने बाजार में सड़क किनारे जमीन पर दुकान लगाकर मिट्टी के दीये बेच रहीं रामबाई चाची से 151 दीयों की खरीदारी की। महापौर की इस पहल से रामबाई चाची के चेहरे पर खुशी झलक उठी। उन्होंने भी स्नेहपूर्वक महापौर को आशीर्वाद दिया।
महापौर ने इस अवसर पर कहा कि दीपावली का वास्तविक आनंद तभी है, जब हर घर में खुशियों का उजाला पहुंचे। हमारा संकल्प होना चाहिए कि सबकी दिवाली मने और देश में खुशहाली आए। इसके लिए स्वदेशी उत्पादों को अपनाना और स्थानीय व्यापारियों को प्रोत्साहित करना जरूरी है।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि दीपोत्सव पर विदेशी सजावटी वस्तुओं और लाइटों के स्थान पर मिट्टी के पारंपरिक दीयों एवं स्थानीय कारीगरों द्वारा तैयार उत्पादों को प्राथमिकता दें। इससे न केवल हमारी सांस्कृतिक परंपराएं सुरक्षित रहेंगी, बल्कि छोटे दुकानदारों, कुम्हारों और हस्तशिल्प से जुड़े परिवारों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
महापौर ने कहा कि मिट्टी के दीये हमारी परंपरा और प्रकृति दोनों से जुड़े हैं। इनका उपयोग पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सकारात्मक कदम है। उन्होंने कहा कि चाक पर मिट्टी के दीये तैयार करने वाले कारीगर हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखे हुए हैं। ऐसे में उनसे खरीदारी करना उनके श्रम का सम्मान करने के साथ उनके परिवारों तक दीपावली की खुशियां पहुंचाना भी है।
महापौर की यह पहल ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को प्रोत्साहित करने के साथ समाज के छोटे और जरूरतमंद कारोबारियों को संबल देने का संदेश देती है।


