भोपाल,१४ दिसम्बर (आरएनएस)। बीस दिसम्बर से शुरु हो रहे विधानसभा के शीतकालीन सत्र में सत्तारूढ़ सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस पूरी तैयारी कर रही है। उसके विधायकों ने विधानसभा में एक हजार से अधिक सवाल लगाए हैं। इसके अलावा कई स्थगन और ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी दिए हैं। जिन विषयों पर कांग्रेस विधायकों ने सवाल लगाए हैं उनमें जंबूरी मैदान पर हुए आदिवासी सम्मेलन, कानून व्यवस्था, भारी भरकम बिजली बिल आदि मामले शामिल हैं। कांग्रेस इस बार विधानसभा में सरकार को आक्रामक तरीके से घेरने की रणनीति बना रही है उसने कथित रूप से बिगड़ती कानून व्यवस्था, अवैध रेत उत्खनन समेत अन्य विषयों को लेकर सवाल पूछे हैं। पांच दिवसीय इस सत्र में विधायकों ने १५७८ सवाल पूछे हैं। हमेशा की तरह इस बार भी विधायकों ने सारी सुविधाएं मुहैया होने के बावजूद आनलाइन सवाल पूछने में ज्यादा दिलचस्पी नहीं ली है। इस सत्र के लिए इस बार ८७९ विधायकों ने ऑफ लाइन सवाल पूछे हैं केवल ६९९ विधायकों ने ही आनलाइन सवाल पूछे हैं। जो सवाल विधानसभा सचिवालय के पास पहुंचे हैं उनमें ८२५ तारांकित और ७५३ सवाल अतारांकित हैं। कांग्रेस विधायकों ने सबसे ज्यादा १०५९ सवाल पूछे हैं।


