कोलकाता ,09 अगस्त (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल के बीरभूम में सरकारी बस और ऑटो रिक्शा की भीषण टक्कर में 8 लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक रामपुरहाट 1 प्रखंड की कष्टगोरा पंचायत परकंडी गांव के रहने वाले थे। घटना रामपुरहाट थाने के तेलदा गांव के पास की है।
जानकारी के मुताबिक, ऑटो में सवार यात्री धान की रोपाई का काम पूरा कर गांव लौट रहे थे। तभी रानीगंज-मोरग्राम राष्ट्रीय राजमार्ग- 60 के पास बस और ऑटो की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। वहीँ ऑटो सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ऑटो चालक को गंभीर हालत में रामपुरहाट अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
इधर घटना की सूचना मिलने पर मल्लारपुर, रामपुरहाट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की टीम ने क्षतिग्रस्त ऑटो से यात्रियों के मृत देह को बाहर निकाला। ऑटो में चालक समेत कुल 10 लोग सवार थे। ऑटो में सवार सभी मजदूर थे।


