April 17, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

राजधानी में क्लीन स्वीप के बाद भाजपा सांसदों ने बताया कैसे करेंगे दिल्ली का विकास

नई दिल्ली, 5 जून। दिल्ली की सभी सात सीटों पर भाजपा ने क्लीन स्वीप करते हुए जीत दर्ज की है। चुनाव जीतने के बाद दिल्ली के सभी सातों सांसदों की प्रतिक्रिया सामने आई है। इन सांसदों ने जीत के लिए जनता और पार्टी नेतृत्व का आभार जताया है। चांदनी चौक से निर्वाचित सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि इंडिया एलायंस को दिल्ली की जनता ने पूरी तरह से रिजेक्ट कर दिया है। दिल्ली की जनता ने दिल्ली की सभी सातों सीटों पर भाजपा को चुना है, हमारे ऊपर बहुत जिम्मेदारी है और मैं सभी जिम्मेदारी को पूरा करूंगा। मैंने बहुत सारे संकल्प लिए हैं, कई सारे वचन दिए हैं, कई वादे किए हैं, एक-एक वादे और संकल्प को पूरा करूंगा। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को अब आत्ममंथन करना चाहिए। पूर्वी दिल्ली से निर्वाचित सांसद हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि पूर्वी दिल्ली की जनता और पूर्वी दिल्ली के हमारे दोनों जिलों के पार्टी कार्यकर्ताओं, शीर्ष नेतृत्व का बहुत-बहुत आभार। भगवान की कृपा, पीएम मोदी की नीतियों के कारण जनता ने हमें आपार समर्थन दिया है। जहां झुग्गी वहां मकान, कलंदर कॉलोनी में हम अगले दो से तीन महीने में चार हजार झुग्गी की जगह पर चार हजार मकान बनाने का काम शुरू करेंगे। नई दिल्ली से निर्वाचित सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि दिल्ली की सभी सातों लोकसभा सीट पर भाजपा के सांसदों का चयन करने के लिए मैं सभी देवतुल्य मतदाताओं का शुक्रिया अदा करती हूं। मैं भाजपा के उन सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करती हूं, जिन्होंने पार्टी को मजबूत करने की दिशा में काम किया। इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं और उनकी लोकप्रियता को जाता है। मैं भाजपा के उन सभी शीर्ष नेताओं का धन्यवाद करती हूं, जिनके मार्गदर्शन में यह चुनाव लड़ा गया। मैं नई दिल्ली क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि तक ले जाने में पूरी तरह से प्रतिबद्ध हूं। मैं हमेशा ही दिल्ली की जनता की आवाज उठाती रहूंगी। उत्तर-पूर्वी दिल्ली से निर्वाचित सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि टुकड़े-टुकड़े वालों के होश उड़ाएंगे। बता दें कि मनोज तिवारी ने जेएनयू के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार को 1,38,778 मतों से चुनाव हराया है। उत्तर-पश्चिम दिल्ली से निर्वाचित सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि ये जीत दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व की है, ये पीएम मोदी की जीत है। रिठाला से मेट्रो, मेरे क्षेत्र में 91 गांव हैं उनका विकास करना, बंद पड़े स्कूल को खुलवाना मेरी प्राथमिकता है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को चोर-चोर मौसेरे भाई बताते हुए उन्होंने कहा कि सभी को पता था कि ये लोग जीतने वाले नहीं हैं। दक्षिण दिल्ली से निर्वाचित सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली की सातों की सातों सीटें भाजपा ने जीती है। पीएम मोदी का आशीर्वाद हम सब पर रहा है, उनकी जनकल्याणकारी योजनाएं और ऐतिहासिक विकास के तोहफे के कारण ये जीत हुई है। वहीं, अरविंद केजरीवाल को उन्होंने दुनिया के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री बताया। पश्चिमी दिल्ली से निर्वाचित सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि पश्चिमी दिल्ली के देवतुल्य मतदाताओं का हृदय से आभार! इस अभूतपूर्व समर्थन हेतु मैं आप सभी की सदैव आभारी रहूंगी एवं आप सभी की सेवा में सदैव तत्पर रहूंगी, यह मेरी नहीं पश्चिमी दिल्ली की जनता की जीत है। एक बार पुनः पश्चिमी दिल्ली की देवतुल्य जनता का हृदय से आभार।

अन्य ख़बरें

निर्माणाधीन बिल्डिंग से गिरकर मजदूर की मौत, संदिग्ध हालात में जांच शुरू

Newsdesk

शराब के लिए पैसे न देने पर युवक पर चाकू से हमला, गोहलपुर में वारदात से दहशत

Newsdesk

छोटी लाइन फाटक पर युवतियों का हाईवोल्टेज हंगामा, युवक की बीच सड़क पिटाई, वीडियो वायरल

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading