22.5 C
Jabalpur
October 25, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिकराष्ट्रीय

मीडिया दिग्गज रामोजी राव का राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

हैदराबाद, 8 जून । ईनाडु ग्रुप ऑफ कंपनीज के चेयरमैन रामोजी राव का हैदराबाद के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 87 साल के थे। उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने के चलते 5 जून को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, उनका निधन सुबह 4.50 बजे हुआ। रामोजी राव सबसे ज्यादा प्रसारित होने वाले तेलुगु डेली ‘ईनाडु’, ‘ईटीवी’ चैनल ग्रुप और रामोजी फिल्म सिटी के संस्थापक थे। उनके पार्थिव शरीर को रामोजी फिल्म सिटी स्थित उनके आवास पर ले जाया गया। रामोजी राव का जन्म 16 नवंबर 1936 को आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले में हुआ था। उन्होंने 10 अगस्त 1974 को विशाखापत्तनम से तेलुगु डेली ईनाडु की शुरुआत की। थोड़े ही समय में यह एक प्रमुख अखबार बन गया। रामोजी राव के निधन की खबर के बाद शोक की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामोजी राव को देश की मीडिया में क्रांति लाने का श्रेय देते हुए उनके निधन पर दुःख व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “श्री रामोजी राव गारू का निधन अत्यंत दुःखद है। वह एक दूरदर्शी व्यक्ति थे जिन्होंने भारतीय मीडिया में क्रांति ला दी। उनके समृद्ध योगदान ने पत्रकारिता और फिल्म जगत पर अमिट छाप छोड़ी है। अपने उल्लेखनीय प्रयासों के माध्यम से उन्होंने मीडिया और मनोरंजन जगत में नवाचार तथा उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित किए। ”रामोजी राव में देश के विकास को लेकर अलग जज्बा था। मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे उनसे मिलने और उनसे बात करने के कई अवसर मिले। इस दुःख की घड़ी में उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत प्रशंसकों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। ऊं शांति।” तेलंगाना सरकार ने राजकीय सम्मान के साथ रामोजी राव का अंतिम संस्कार करने का फैसला किया है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने ईनाडु ग्रुप के चेयरमैन के निधन पर शोक व्यक्त किया और अधिकारियों को राजकीय सम्मान के साथ उनके अंतिम संस्कार की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। रेवंत रेड्डी ने रामोजी राव के निधन को तेलुगु पत्रकारिता और मीडिया इंडस्ट्री के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि रामोजी राव ने तेलुगु पत्रकारिता को विश्वसनीयता और उद्योग को मूल्य दिए। तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू ने रामोजी राव के निधन पर दुःख व्यक्त किया। नायडू ने कहा कि साधारण परिवार में जन्मे रामोजी राव ने असाधारण उपलब्धियां हासिल कीं। यह न केवल तेलुगु लोगों के लिए बल्कि पूरे देश के लिए क्षति है। रामोजी राव के साथ अपने चार दशकों के जुड़ाव को याद करते हुए टीडीपी प्रमुख ने कहा कि उन्होंने सच्चाई और अटूट मूल्यों के साथ मीडिया क्षेत्र में अपने लिए एक अलग जगह बनाई। नायडू ने एक्स पर पोस्ट किया, “मुसीबतों से लड़ने में वे मेरे लिए प्रेरणा हैं। लोगों को अच्छी नीतियां प्रदान करने में रामोजी की सुझाव और सलाह हमेशा मूल्यवान रही हैं।” भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, मेगास्टार चिरंजीवी और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और फिल्मी हस्तियों ने रामोजी राव के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

अन्य ख़बरें

महाकौशल दौरे पर 28 को आ रहे प्रवीण तोगड़िया, तैयारी तेज

Newsdesk

बाउंड्रीवाल के लिए काट दिए एक दर्जन हरे-भरे पेड़, एनओसी लेने पर भी सवाल

Newsdesk

सिहोरा बस स्टैंड की 10 दुकानें सील; आवंटन निरस्त कर होगी नीलामी

Newsdesk

Leave a Comment

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading