19.3 C
Jabalpur
October 27, 2026
सी टाइम्स
खेलराष्ट्रीय

इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में भारत का पलड़ा भारी: रॉबिन सिंह

नई दिल्ली, 26 जून । भारत ने टी20 विश्व कप 2024 के नॉकआउट स्टेज में जगह बना ली है। टीम 27 जून को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे सेमीफाइनल में खेलेगी। इस मैच में भारत की संभावना और दोनों टीमों में किसका पलड़ा भारी है, इन तमाम सवालों को लेकर आईएएनएस ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन सिंह से खास बातचीत की है। सुपर-8 के अपने आखिरी मैच में रोहित ब्रिगेड ने ऑस्ट्रेलिया को हरा कर लगातार दूसरे विश्व कप में सेमीफाइनल में एंट्री मारी है। इस जीत के साथ भारत ने कंगारुओं से वनडे विश्व कप फाइनल की हार का बदला भी चुका लिया। टीम इंडिया अपने ग्रुप-1 की टेबल टॉपर रही और अब उसका सामना सेमीफाइनल के मंच पर इंग्लैंड से होगा। ऑस्ट्रेलिया को सबक सिखाने के बाद टीम इंडिया के पास अब दो साल पुरानी हार का बदला लेने का भी मौका होगा। टी20 विश्व कप 2022 में भी सेमीफाइनल में भारत का सामना इंग्लैंड से था, जहां अंग्रेजों ने एडीलेड में खेले गए उस मैच में भारत को 10 विकेट से हराते हुए फाइनल में जगह बनाई थी और खिताब जीता था। अब करीब दो साल बाद भारतीय टीम वही हिसाब पूरा करने 27 जून को मैदान पर उतरेगी। ध्यान रहे कि इस बार टीम इंडिया के पास जसप्रीत बुमराह का साथ भी है, जो चोटिल होने के कारण पिछले टी20 विश्व कप से बाहर थे। इस टक्कर को लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन सिंह ने भी मौजूदा टीम इंडिया का पलड़ा हावी बताया है। आईएएनएस के साथ खास बातचीत में उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट में रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम का प्रदर्शन शानदार रहा और सेमीफाइनल में वो इंग्लैंड के खिलाफ फेवरेट माने जा रहे हैं। टीम इंडिया हर पैमाने पर खुद को साबित कर चुकी है। रॉबिन सिंह ने कहा, “मुझे अब भी लगता है कि भारत का पलड़ा भारी है। भारत के पास जो गेंदबाजी संयोजन है वह वास्तव में इंग्लैंड की तुलना में इस मैदान के लिए कहीं अधिक उपयुक्त होगा। इंग्लैंड के लिए अहम फैक्टर शायद जोफ्रा आर्चर और आदिल राशिद हैं। अगर भारत उन दो गेंदबाजों का मुकाबला करने में सक्षम है, तो मुझे लगता है कि हम इंग्लैंड के गेंदबाजी आक्रमण को आसानी से संभाल लेंगे।” “भारतीय दृष्टिकोण से, मुझे लगता है कि उन्होंने अच्छी तैयारी कर ली है। स्पिनरों ने अच्छी गेंदबाजी की है, उनके पास बीच में वास्तव में अच्छे आक्रामक गेंदबाज हैं। कुलदीप यादव ने अच्छा प्रदर्शन किया है। दो अन्य स्पिनर (अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा) भी मौका मिलने पर अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा रहे हैं।” “आपके पास बुमराह फैक्टर है, वह ऐसा व्यक्ति है जो मैच के किसी भी चरण में गेंदबाजी कर सकता है। यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने वाला है।” पूर्व क्रिकेटर ने ऋषभ पंत के प्रदर्शन की भी तारीफ की। यह स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज एक जानलेवा सड़क हादसे के बाद पहली बार अंतर्राष्ट्रीय स्तर और विश्व कप जैसे बड़े मंच पर खेल रहा है, लेकिन उन्होंने जिस तरह से दबाव को संभाला वह सराहनीय है। पंत ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया। रॉबिन सिंह का यह भी मानना है कि इस स्टेज पर आकर टीम में ज्यादा बदलाव नहीं करना चाहिए। उम्मीद यही है कि भारत फाइनल में अपनी जगह पक्की करेगा।

अन्य ख़बरें

जल, थल व वायुसेना के लिए 2.12 लाख करोड़ रुपए के रक्षा सौदों को मंजूरी

Newsdesk

अब समय आ गया है कि साउथ अफ्रीका आईसीसी के बड़े मंच पर फिर से शानदार प्रदर्शन करे : क्लूजनर

Newsdesk

असम: गुवाहाटी में गोलीबारी, 6 लोगों की मौत, कई घायल

Newsdesk

Leave a Comment

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading