===
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के अमले ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, मामले की जांच जारी
शहडोल 26 अक्टूबर 2026 -बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व अंतर्गत बीट परासी से लगे ग्राम महामन के राजस्व क्षेत्र में एक खेत की मेड़ के नीचे चीतल मृत अवस्था में मिला। प्रारंभिक जांच में खेत की फेंसिंग में विद्युत प्रवाह होने के कारण चीतल की मौत होने की आशंका जताई गई है। वन विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की बीट परासी में बीट गार्ड एवं सुरक्षा श्रमिकों द्वारा नियमित रात्रिकालीन गश्त की जा रही थी। इसी दौरान बीट परासी के कक्ष क्रमांक पी-114 से लगे ग्राम महामन के राजस्व क्षेत्र में एक खेत की मेड़ के नीचे चीतल मृत अवस्था में पाया गया। घटनास्थल पर अंधेरा होने के कारण अगले दिन पर्याप्त प्रकाश में विस्तृत निरीक्षण करने का निर्णय लिया गया।
25 अक्टूबर को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के अमले ने घटनास्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान पाया गया कि संबंधित खेत में धान की फसल लगी हुई थी और खेत के चारों ओर लकड़ी के सहारे चार परतों में जीआई तार की बाड़ लगाई गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बाड़ के तार को घरेलू विद्युत कनेक्शन से जोड़ा गया था। प्रथम दृष्टया बाड़ में विद्युत प्रवाह के कारण चीतल की मौत होने की आशंका व्यक्त की गई है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग द्वारा घटनास्थल का मौका पंचनामा तैयार किया गया। साथ ही, नियमानुसार वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी से मृत चीतल का परीक्षण कराया गया तथा शवदाह संबंधी कार्रवाई पूरी की गई।
वन्यप्राणियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन के अनुसार, वन्यप्राणी प्राकृतिक वन संपदा एवं जैव विविधता के महत्वपूर्ण अंग हैं। इनकी सुरक्षा एवं संरक्षण विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। फसलों को वन्यप्राणियों से बचाने के उद्देश्य से खेतों की बाड़ में अवैध रूप से विद्युत प्रवाह करना वन्यप्राणियों के जीवन के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर सकता है।
विभाग द्वारा घटनास्थल से संबंधित तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में प्राप्त तथ्यों के अनुसार संबंधित व्यक्तियों की जिम्मेदारी निर्धारित कर नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
किसानों से विद्युत करंट का प्रयोग नहीं करने की अपील
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने आम नागरिकों एवं किसानों से अपील की है कि वे फसलों की सुरक्षा के लिए खेतों की बाड़ में अवैध रूप से विद्युत करंट का प्रयोग न करें तथा वन्यप्राणियों की सुरक्षा एवं संरक्षण में विभाग का सहयोग करें। वन्यप्राणियों के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखना और वन एवं वन्यप्राणी संरक्षण से संबंधित कानूनों का पालन करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।


