32.5 C
Jabalpur
October 26, 2026
सी टाइम्स
खेलराष्ट्रीय

रोहित और विराट के एक साथ संन्यास लेने से स्तब्ध था : शमी

Rohit and Virat retiring simultaneously from T20Is came as a shock: Shami

नई दिल्ली, 1 जुलाई। चैंपियन बनने के बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टी20 फॉर्मेट से संन्यास लेने की घोषणा की। इन दिग्गजों के एक साथ संन्यास लेने के फैसले से न सिर्फ क्रिकेट फैंस बल्कि तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी भी स्तब्ध हैं। ब्रिजटाउन के केंसिंग्टन ओवल में दक्षिण अफ्रीका पर सात रन की जीत के साथ भारत ने अपना दूसरा टी20 विश्व कप जीता। इसके बाद विराट कोहली को उनकी 59 गेंदों में 76 रन की पारी के लिए प्लेयर-ऑफ-द-मैच पुरस्कार दिया गया। फैंस का शुक्रिया अदा करते हुए विराट ने कहा कि यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी टी20 था। दाएं हाथ के इस खिलाड़ी ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का अंत भारत के लिए इस प्रारूप में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी के रूप में किया, उन्होंने 125 मैचों में 48.69 की औसत और 137.04 की स्ट्राइक रेट से 4188 रन बनाए। इसके बाद, रोहित ने पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा की कि वह भी अपना टी20 इंटरनेशनल करियर यहीं खत्म कर रहे हैं, उन्होंने 159 मैचों में 4231 रन बनाकर अपना टी20 करियर सबसे ज्यादा स्कोर करने वाले खिलाड़ी के रूप में समाप्त किया। उनके नाम पुरुषों के टी20 में सबसे ज्यादा शतकों का रिकॉर्ड भी है। शमी ने कहा, “रोहित शर्मा और विराट कोहली का टी20 से संन्यास लेना एक झटका था। वो भारत के लिए दिग्गज खिलाड़ी रहे हैं, 15-16 सालों तक देश के लिए बेहतरीन प्रदर्शन करते रहे और व्हाइट-बॉल क्रिकेट के बादशाह के रूप में खुद को स्थापित किया। “दोनों का एक साथ संन्यास लेना चौंकाने वाला है, लेकिन यह स्वाभाविक भी है। जब एक खिलाड़ी जाता है, तो दूसरा आता है। हालांकि, टीम में ऐसे सितारों की जगह लेना एक बड़ी चुनौती होगी। मैं रोहित और विराट दोनों को टीम के लिए मैच जीतने, भारत के लिए अद्भुत पारियां खेलने और इस दौरान रिकॉर्ड तोड़ने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।” भारत की खिताबी जीत पर शमी ने टीम इंडिया और सहयोगी स्टाफ को जीत के लिए बधाई दी और पूरे अभियान के दौरान टीम का मनोबल बढ़ाने के लिए प्रशंसकों का आभार जताया। शमी ने कहा, “विश्व कप का हिस्सा बनने वाले खिलाड़ी भाग्यशाली होते हैं कि उन्हें यह अवसर मिलता है। केवल 10 प्रतिशत खिलाड़ियों को अपने जीवन काल में विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा बनने का मौका मिलता है।” भारत की जीत के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फोन कॉल पर टीम इंडिया को बधाई देने पर शमी ने कहा, “मैं वास्तव में सराहना करता हूं कि हमारे प्रधानमंत्री में खेल के लिए जुनून है और वे व्यक्तिगत रूप से टीम को उनकी जीत के बाद बधाई देते हैं। इससे वास्तव में टीम का आत्मविश्वास बढ़ता है।

अन्य ख़बरें

12वां ब्रिक्स संसदीय सम्मेलन आज नई दिल्ली में होगा शुरू

Newsdesk

महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर पीएम मोदी ने कहा- ‘उनके सद्विचार भारतीय संस्कृति और विरासत के मूल तत्व’

Newsdesk

राजस्थान और मणिपुर से जुड़े अंतरराज्यीय मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क में दो प्रमुख आरोपी गिरफ्तार

Newsdesk

Leave a Comment

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading